- पिछले हफ्ते बेंगलुरु से दिल्ली आ रही फ्लाइट के इंजन में आग लगी थी।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को के लिए रवाना हुई एअर इंडिया की एक फ्लाइट AI173 बुधवार (27 मई, 2026) को तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते से वापस लौट आई. ऑनलाइन फ्लाइट ट्रैकर्स के मुताबिक, विमान आठ घंटे से ज्यादा समय तक हवा में रही, इसके बाद वापस राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के एयरपोर्ट पर वापस लौट आई.
घटना को लेकर एअर इंडिया ने जारी किया आधिकारिक बयान
एयरलाइन ने एक बयान में कहा, ‘विमान सुरक्षित रूप से वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर गया है और एअर इंडिया के सुरक्षा मानकों के अनुरूप इसकी तकनीकी जांच की जाएगी.’ बोइंग के इस 777-330 ER एयरक्राफ्ट में करीब 230 यात्री सवार थे, जिन्हें विमान के दिल्ली में वापस लैंडिंग के बाद सुरक्षित रूप से उतार लिया गया.
एअर इंडिया ने कहा, ’दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली फ्लाइट AI173 बुधवार (27 मई, 2026) को निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत तकनीकी समस्याओं की वजह से दिल्ली लौट आई.’ फ्लाइट ट्रैकर वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के आंकड़ों के मुताबिक, सैन फ्रांसिस्को जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट वापस दिल्ली की तरफ मुड़ने से पहले आठ घंटे से ज्यादा समय तक हवा में उड़ान भर चुकी थी.
यात्रियों की हुई असुविधा और परेशानी के लिए हमें खेद हैः एअर इंडिया
एयरलाइन ने आगे कहा, ‘विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली में उतार लिया गया है और इसकी तकनीकी जांच की जाएगी. हमें यात्रियों को हुई असुविधा और परेशानी के लिए बहुत खेद है और उन्हें जल्द से जल्द उनके मंजिल तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है. इस बीच, हमारी ग्राउंड टीम यात्रियों को सभी जरूरी मददा दे रही है, जिसमें खाना, होटल में ठहरने की सुविधा या उनकी पसंद के अनुसार यात्रा में रिशेड्यूलिंग शामिल है.’
पिछले हफ्ते भी एअर इंडिया की फ्लाइट से जुड़ी सामने आई थी घटना
पिछले हफ्ते भी बेंगलुरु से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की एक फ्लाइट AI 2802 के इंजन में आग लगने के कारण इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पूरी तरह इमरजेंसी घोषित की गई थी. इंजन में आग की पुष्टि होने के बाद फ्लाइट को एयरपोर्ट के रनवे 29R पर लैंडिंग कराई गई और बाद में फ्लाइट को टो करके रनवे से हटाया गया. इस विमान में कुल 171 यात्री सवार थे, हालांकि, किसी भी यात्री को किसी तरह की चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित उतर गए.
यह भी पढे़ंः बड़ा हादसा टला: दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग से चंद सेकंड पहले एअर इंडिया फ्लाइट के इंजन में लगी आग






