Kitchen Gardening: बैंगन जो न जाने कितने ही भारतीय घरों की पहली पसंद है, जिसे लोग अलग-अलग तरीके से बनाकर उसका आनंद उठाते हैं. वहीं आजकल बाजार में मिलने वाली हानिकारक सब्जियों की तादाद बढ़ गई है, जिन्हें केमिकल्स का सहारा लेकर उगाया जा रहा है, तो ऐसे में यह सवाल उठता है कि क्या हम अपने घर की छोटी सी जगह में ही नेचुरल और शुद्ध तरीके से बैंगन उगा सकते हैं या नहीं?
बैंगन उगाने का सही समय
अत्यधिक ठंड के मौसम में बैंगन फल-फूल नहीं पाता. अगर बेहतर उत्पादन चाहिए तो फरवरी-मार्च और जून-जुलाई के आसपास का समय सबसे उपयुक्त माना जाता है. किचन गार्डन में इसे उगाने के लिए हाइब्रिड बैंगन के बीजों का इस्तेमाल करना ज्यादा सही रहता है.
मिट्टी और बुवाई की तैयारी
बैंगन की अच्छी पैदावार के लिए दोमट मिट्टी सबसे उपयुक्त मानी जाती है, जिसे 12 से 15 इंच गहरे गमले या ग्रो बैग में मिट्टी, गोबर की खाद और रेत को 2:1:1 अनुपात में मिलाकर तैयार किया जाता है. जल भराव न हो, इसके लिए गमले में अच्छी जल निकासी होनी चाहिए. बीजों को पहले नर्सरी ट्रे या छोटे गमले में 1 से 2 सेमी गहराई में बोकर हल्की सिंचाई करें, जिससे 10 से 15 दिनों में अंकुर निकल आते हैं. जब पौधों में 4 से 5 पत्तियां दिखने लग जाएं, तो उन्हें बड़े गमले में ट्रांसप्लांट कर दें.
देखभाल और पोषण
पौधों को रोजाना हल्की सिंचाई और 5 से 6 घंटे की सीधी धूप देना जरूरी है, जबकि हर 15 से 20 दिन में वर्मी कम्पोस्ट या गोबर की खाद जैसे जैविक पोषण देने से उनकी ग्रोथ बेहतर रहती है. कीट और रोगों से बचाव के लिए नीम तेल का स्प्रे या जैविक कीटनाशकों का उपयोग करें और समय-समय पर पौधों की जांच करते रहें, ताकि अच्छा विकास और अच्छी पैदावार सुनिश्चित हो सके.
यह भी पढ़ें – क्या ज्यादा पानी देने से पौधों को होता है नुकसान? जानें गर्मियों में पानी देने का सही तरीका
फसल तैयार होने का समय
बैंगन की फसल आमतौर पर 60 से 80 दिनों में तैयार हो जाती है. जब फल चमकदार और सही आकार के दिखने लगें, तब उन्हें तोड़ लेना चाहिए. समय पर तुड़ाई करने से पौधे में नए फल आने की संभावना बढ़ जाती है.
जरूरी बातें और घर में बैंगन उगाने के फायदे
घर में बैंगन उगाने के लिए सबसे जरूरी होता है सही जगह का चयन करना. बैंगन का पौधा गर्म मौसम और तेज धूप में तेजी से बढ़ता है, इसलिए ऐसी जगह का चुनाव करें जहां 5 से 6 घंटे की सीधी धूप आती हो. आप अपनी बालकनी या छत पर इसे लगा सकते हैं. धूप की कमी होने से पौधे कमजोर हो जाते हैं, इसलिए बैंगन की अच्छी पैदावार के लिए पर्याप्त धूप बेहद जरूरी होती है.घर में उगाने से हमें ताजी और केमिकल फ्री सब्जी मिलती है, बाजार पर निर्भरता भी कम होती है और परिवार वालों को सुरक्षित और पौष्टिक भोजन मिल पाता है.
यह भी पढ़ें – Kitchen Garden Tips: किचन गार्डन में कैसे करें तीखी हरी मिर्च की खेती? दूर हो जाएगी चटनी के लिए मसाले की दिक्कत






