धान की कटाई के बाद खेत को कुछ समय के लिए सूखने दें. इसके बाद मिट्टी पलटने वाले हल से एक बार जुताई करें. खेत की मिट्टी जांचने के लिए उसका एक गोला बनाकर जमीन पर पटकें. अगर गोला टूटकर छोटी-छोटी गांठों में बिखर जाता है, तो समझ लें कि खेत बुवाई के लिए तैयार है.

खेत तैयार होने के बाद किसान सीड ड्रिल, पाटिकल सीड या जीरो टिल सीड ड्रिल से गेहूं की बुवाई कर सकते हैं. बुवाई करते समय ध्यान रखें कि खाद बीज के नीचे और गेहूं का बीज उसके ऊपर पड़े. इससे बीज को सही तरीके से जमने में मदद मिलती है.

गेहूं की अच्छी बढ़वार के लिए नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश जरूरी पोषक तत्व हैं. एक हेक्टेयर खेत के लिए 120 किलो नाइट्रोजन, 80 किलो फास्फोरस और 60 किलो पोटाश की जरूरत होती है. हालांकि, खाद की सही मात्रा मिट्टी की जांच और फसल की जरूरत के हिसाब से तय करना बेहतर है.

बुवाई के समय फास्फोरस और पोटाश की पूरी मात्रा के साथ नाइट्रोजन की एक तिहाई मात्रा डालें. इसके बाद नाइट्रोजन की दूसरी एक तिहाई मात्रा पहली सिंचाई के समय दें. बची हुई आखिरी एक तिहाई मात्रा बूटिंग स्टेज यानी बालियां निकलने से पहले डालें. इससे फसल को अलग-अलग समय पर पोषण मिलता रहता है.

गेहूं की बुवाई के कम से कम 21 दिन बाद और 30 दिन से पहले पहली सिंचाई कर देनी चाहिए. इस समय पौधों की जड़ें विकसित हो रही होती हैं. सही समय पर पानी मिलने से पौधों की बढ़वार अच्छी होती है और फसल को मजबूत बनने में मदद मिलती है.

पहली सिंचाई के दौरान खेत में हल्का पानी लगाएं. जरूरत से ज्यादा पानी देने पर फसल में पीलापन आ सकता है और पौधों की बढ़वार प्रभावित हो सकती है. इसलिए खेत की मिट्टी और नमी को देखकर ही पानी दें. सही मात्रा में सिंचाई करने से फसल को नुकसान से बचाया जा सकता है.
Published at : 12 Nov 2026 03:25 PM (IST)
Tags :






