जसप्रीत बुमराह बने MI के कप्तान, IPL 2026 के बीच मुंबई ने सौंपी कमान

जसप्रीत बुमराह बने MI के कप्तान, IPL 2026 के बीच मुंबई ने सौंपी कमान


पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस का कप्तान एक बार फिर बदल गया है. जसप्रीत बुमराह MI टीम की कप्तानी कर रहे हैं और यह लगातार तीसरा मैच है जिसमें हार्दिक पांड्या नहीं खेल रहे हैं. पंजाब के खिलाफ मैच से सूर्यकुमार यादव भी बाहर हैं, जो कुछ दिन पहले ही पिता बने हैं. आईपीएल के इतिहास में बुमराह मुंबई के कुल 10वें कप्तान बने हैं.

पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में टॉस के समय जसप्रीत बुमराह MI टीम के प्रतिनिधि बनकर बाहर आए. टॉस के समय बुमराह ने बताया कि मुंबई इंडियंस का कप्तान बनना एक नई चुनौती होगी.

मैंने कभी नहीं सोचा था – जसप्रीत बुमराह

मुंबई इंडियंस का कप्तान बनने पर जसप्रीत बुमराह ने कहा, “कप्तान बनने पर अच्छा महसूस हो रहा है. मैंने 19 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस टीम को जॉइन किया था. मैंने कभी नहीं सोचा था कि MI की कप्तानी मिलने से पहले मुझे भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी का अनुभव मिल चुका होगा.”

बुमराह ने आगे कहा, “यहां होना एक मजेदार अनुभव है. आपको सबके बारे में सोचते हुए खुद हर संभव तरीके से अपना योगदान देना होता है. यह एक नई चुनौती है और मुझे यह जिम्मेदारी अच्छी लगती है.”

मुंबई इंडियंस के सभी कप्तान

अब तक 19 साल के इतिहास में कुल 10 खिलाड़ी मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर चुके हैं. सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा, हरभजन सिंह, शॉन पोलॉक, रिकी पोंटिंग, ड्वेन ब्रावो, कीरोन पोलार्ड, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और अब जसप्रीत बुमराह मुंबई की कप्तानी करने वाले 10वें खिलाड़ी हैं. इन क्रिकेटरों ने कभी ना कभी कम से कम एक मैच में मुंबई इंडियंस की कप्तानी जरूर की है.

मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन: रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह (कप्तान), रघु शर्मा

इम्पैक्ट प्लेयर्स: रोहित शर्मा, मयंक रावत, ट्रेंट बोल्ट, रॉबिन मिंज, कृष भगत



Source link