Signs Your Teenage Daughter Is Struggling: टीनएज का दौर हर बच्चे के लिए चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन बेटियों के लिए यह समय अक्सर ज्यादा इमोशनल और उलझनों से भरा माना जाता है. इस उम्र में वे शारीरिक बदलावों, सामाजिक दबाव और खुद को साबित करने की चिंता से गुजरती हैं. कई बार उनका व्यवहार अचानक बदलता हुआ दिखाई देता है. कभी वे आत्मविश्वास से भरी नजर आती हैं, तो कभी छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा या उदासी जाहिर करने लगती हैं. एक्सपर्ट मानते हैं कि इन बदलावों के पीछे सिर्फ मूड स्विंग नहीं बल्कि गहरे इमोशनल संघर्ष छिपे होते हैं.
क्या होती है सबसे बड़ी चुनौती?
सबसे बड़ी चुनौती शरीर में होने वाले बदलावों को स्वीकार करना होती है. प्यूबर्टी के दौरान शरीर तेजी से बदलता है और कई लड़कियां इसके लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं होतीं. चेहरे पर पिंपल्स आना, पीरियड्स शुरू होना, वजन बढ़ना या हार्मोनल बदलाव उन्हें असहज बना सकते हैं. ऐसे समय में माता-पिता की भूमिका बेहद अहम हो जाती है. एक्सपर्ट का कहना है कि बेटियों के सामने उनके लुक्स या वजन को लेकर मजाक या आलोचना करने से बचना चाहिए. उन्हें यह एहसास दिलाना जरूरी है कि शरीर में होने वाले ये बदलाव सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं.
परफेक्ट दिखने का दबाव
इसके अलावा आज की किशोर लड़कियां परफेक्ट दिखने के दबाव में भी जी रही हैं. सोशल मीडिया पर दिखने वाली ग्लैमरस तस्वीरें और लगातार तुलना का माहौल उनके आत्मविश्वास को प्रभावित करता है. उन्हें लगता है कि उन्हें पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करना है, खूबसूरत भी दिखना है और हर समय भावनात्मक रूप से मजबूत भी बने रहना है. यही दबाव कई बार चिंता, तनाव और मानसिक थकान का कारण बनता है. एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि घर का माहौल ऐसा होना चाहिए जहां गलतियों को स्वीकार किया जाए. बच्चों की सिर्फ उपलब्धियों की नहीं बल्कि उनकी कोशिशों की भी सराहना करनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें –Parenting Tips: क्या आप भी बच्चों पर थोप रहे हैं नियम? सानिया मिर्जा की यह बात खोल देगी आपकी आंखें!
दोस्ती से भी लड़कियों को पड़ता है असर
दोस्ती भी किशोर लड़कियों की जिंदगी में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. इस उम्र में दोस्त सिर्फ साथी नहीं बल्कि इमोशनल सहारा बन जाते हैं. ऐसे में छोटी बहस, दोस्तों द्वारा नजरअंदाज किया जाना या ग्रुप से अलग महसूस करना उन्हें अंदर तक तोड़ सकता है. माता-पिता अगर उनकी भावनाओं को छोटी बात कहकर टाल देते हैं तो बच्चियां खुद को अकेला महसूस करने लगती हैं. एक्सपर्ट मानते हैं कि बेटियों को खुलकर अपनी इमोशनल व्यक्त करने का मौका देना चाहिए.
लड़कियों में क्यों रहता है डर?
किशोर लड़कियों के मन में एक डर यह भी रहता है कि अगर वे परफेक्ट नहीं रहीं तो शायद लोग उनसे प्यार नहीं करेंगे. यही डर कई बार गुस्से, ओवरथिंकिंग और इमोशनल टूटन के रूप में सामने आता है. ऐसे समय में बेटियों को भाषण नहीं बल्कि भरोसे और भावनात्मक सहारे की जरूरत होती है. एक्सपर्ट का कहना है कि माता-पिता अगर कठिन समय में शांत रहकर अपनी बेटियों का साथ दें, तो बच्चियां भावनाओं को बेहतर तरीके से संभालना सीखती हैं और भविष्य में ज्यादा आत्मविश्वासी बनती हैं.
इसे भी पढ़ें – Success Tips: क्या एग्जाम में आपका बच्चा भी लेता है स्ट्रेस? जानें कामयाब बच्चों के पैरेंट्स का सीक्रेट






