केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार (28 मई, 2026) को सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) विवाद को लेकर लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को टिप्पणियों को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि बिना तथ्यों के लगाए गए मनमाने आरोप सिर्फ उनके अपने पाखंड को ही उजागर करते हैं.
केंद्रीय मंत्री ने एक्स पर साझा किया पोस्ट
उन्होंने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया. उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि बिना तथ्यों के लगाए गए मनमाने आरोप सिर्फ उनके अपने पाखंड को ही उजागर करते हैं. आज वह कोएंप्ट एडु टेक प्राइवेट लिमिटेड (Coempt Eduteck Pvt. Ltd.) पर हमला कर रहे हैं, लेकिन अगर यह कंपनी सचमुच दागदार थी, तो कांग्रेस सरकारों के अधीन काम करने वाली कई संस्थाओं ने इसके साथ काम करना क्यों जारी रखा?’
Rahul Gandhi should realise that reckless allegations without facts only expose his own hypocrisy.
Today he is attacking Coempt Eduteck Pvt. Ltd. But if the company was genuinely “tainted,” then why did multiple institutions functioning under Congress governments continue to…
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) May 28, 2026
किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर उठाए सवाल
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने X पोस्ट में आगे राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी से कुछ सवालों के जवाब भी मांगे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस को इन सवालों के जवाब देने होंगे:
- तेलंगाना और कर्नाटक में समझौते क्यों किए गए?
- कांग्रेस-शासित संस्थाओं की ओर से काम के आदेश (Work Orders) क्यों जारी किए गए?
- तेलंगाना स्टेट हेल्थ यूनिवर्सिटी की ओर से इस कंपनी की सार्वजनिक रूप से तारीफ क्यों की गई?
उन्होंने आगे कहा कि दस्तावेजी रिकॉर्ड में 2023 और 2025 के बीच कलोजी नारायण राव यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (Kaloji Narayana Rao University of Health Sciences), बेंगलुरु सिटी यूनिवर्सिटी (Bengaluru City University), आदिकवि श्री महर्षि वाल्मिकी यूनिवर्सिटी (Adikavi Sri Maharshi Valmiki University) और कर्नाटक यूनिवर्सिटी, धारवाड़ (Karnataka University, Dharwad) के साथ हुए समझौते और काम के आदेश शामिल हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का सेलेक्टिव आक्रोश एक बार फिर तथ्यों के बोझ तले गिर रहा है.
यह भी पढ़ेंः CBSE में आ रही दिक्कतों पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने की उच्च स्तरीय बैठक, अधिकारियों को सख्त निर्देश






