भीषण गर्मी-लू का अलर्ट जारी, हीट स्ट्रोक से बचने के लिए अपनाएं ये उपाय, वरना जा सकती है जान

भीषण गर्मी-लू का अलर्ट जारी, हीट स्ट्रोक से बचने के लिए अपनाएं ये उपाय, वरना जा सकती है जान


How To Protect Yourself From Heatwave: गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है और इसी को देखते हुए आयुष मंत्रालय ने 18 मई को भीषण गर्मी और लू से बचाव को लेकर एक पब्लिक हेल्थ एडवाइजरी जारी की है. मंत्रालय ने लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, दोपहर की तेज धूप से बचने, हल्के सूती कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी ना होने देने की सलाह दी है. एडवाइजरी में कहा गया है कि अगर चक्कर आना, सिरदर्द, मतली, शरीर का तापमान बहुत बढ़ना, बेहोशी, दौरे पड़ना या मानसिक स्थिति में बदलाव जैसे लक्षण दिखें तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह हीट स्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं. 

किन लोगों को सबसे ज्यादा सावधान रहना चाहिए?

आयुष मंत्रालय के मुताबिक यह एडवाइजरी आम लोगों के साथ-साथ बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, बाहर काम करने वाले मजदूरों और दिल की बीमारी या हाई ब्लड प्रेशर जैसी पुरानी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए खास तौर पर जरूरी है. काम करने वाली जगहों और सार्वजनिक आयोजनों में छाया वाली जगह, आराम के लिए ब्रेक और लगातार पानी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया है.

शरीर को ठंडा रखने के लिए क्या करना चाहिए?

एडवाइजरी में आयुर्वेद, योग, यूनानी और होम्योपैथी से जुड़े पारंपरिक उपायों का भी जिक्र किया गया है. शरीर को ठंडा रखने के लिए छाछ, नारियल पानी, नींबू पानी और इलेक्ट्रोलाइट वाले पेय पदार्थ पीने की सलाह दी गई है. साथ ही निम्बूकफल पानक, आम्र प्रपानक और चिंचा पानक जैसे पारंपरिक पेय पदार्थों को भी गर्मी में फायदेमंद बताया गया है. मंत्रालय ने खीरा, तरबूज, खरबूजा, पेठा, टमाटर और नींबू जैसी ठंडी तासीर वाली चीजों को रोजाना खाने में शामिल करने की सलाह दी है.

कब जा सकती है जान?

अमेरिका के सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के अनुसार, अत्यधिक गर्मी शरीर को ठीक से ठंडा होने नहीं देती, जिससे गंभीर बीमारियां और मौत तक हो सकती है. संस्था के मुताबिक छोटे बच्चे, बुजुर्ग और पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोग सबसे ज्यादा जोखिम में होते हैं.

शरीर को हाइड्रेट रखने का क्या है तरीका?

एक्सपर्ट्स के अनुसार लू से बचने के लिए सबसे जरूरी है शरीर को हाइड्रेट रखना. दिनभर खूब पानी पीना चाहिए, भले ही प्यास ना लगे. कैफीन और ज्यादा मीठे पेय पदार्थों से बचना चाहिए, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं. नारियल पानी, नींबू पानी और इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक्स शरीर में जरूरी मिनरल्स बनाए रखने में मदद करते हैं.

इसे भी पढ़ें – Summer Fatigue: गर्मियों में बार-बार महसूस हो रही थकान, जान लें यह किस बीमारी का संकेत?

इतने घंटे तक घर से बाहर न निकलें

दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप सबसे ज्यादा खतरनाक मानी जाती है. इस दौरान घर के अंदर रहने की कोशिश करनी चाहिए. अगर बाहर निकलना जरूरी हो तो छाता, टोपी और धूप का चश्मा इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है. हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं. 

खाने की चीजों पर रखें ध्यान

एक्सपर्ट्स यह भी सलाह देते हैं कि ज्यादा तला-भुना और मसालेदार खाना खाने से बचें, क्योंकि इससे शरीर में गर्मी बढ़ती है. अगर किसी को ज्यादा पसीना आना, चक्कर, कमजोरी या मांसपेशियों में ऐंठन महसूस हो तो तुरंत ठंडी जगह पर ले जाकर पानी पिलाना चाहिए. जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर की मदद लेना जरूरी है.

इसे भी पढ़ें-  Weak Immunity: खांसी, जुकाम, खराश और थकान? मौसम का बदलाव नहीं, शरीर में है ये कमी, पढ़ें डॉक्टर की चेतावनी

Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.

Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )

Calculate The Age Through Age Calculator



Source link