मुंबई में छठ पूजा त्योहार से पहले कुछ रेलवे स्टेशन पर भोजपुरी गाने बजने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. इस कदम की आलोचना हो रही है. सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए रेलवे स्टेशन के अनाउंसमेंट सिस्टम पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
मामला तब सामने आया, जब सोशल मीडिया पर रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने के बजने का वीडियो वायरल हुआ. इस पर मराठी भाषा के लोगों और कुछ राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति दर्ज की है.
विरोध में उतरी शिवसेना यूबीटी
शिवसेना यूबीटी की नगर सेविका माधुरी मांजरेकर ने विरोध करते हुए रेलवे प्रशासन से शिकायत की है. साथ ही मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए. यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए ऐसे आयोजनों पर रोक लगाई जाए.
उन्होंने कहा, ‘रेलवे स्टेशन आम यात्रियों की सुविधा के लिए हैं. सार्वजनिक जगहों पर तेज आजाव में गाने बजाकर यात्रियों को परेशान करना, बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अगर इस तरह की गतिविधिया बंद नहीं हुई, तो इसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा.’
बचाव में उतरे संजय निरुपम
इधर, शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता संजय निरुपम बचाव में उतर आए हैं. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘छठ के पारंपरिक गीत छठ मइया के भजन हैं. ये भजन मुख्य तौर पर भोजपुरी, मैथिली और मगही बोलियों में गाए जाते हैं. आज से नहीं, हमारी माताएं बहनें हजारों साल से गा रही हैं. भारतीय रेलवे ने देश के तमाम रेलवे स्टेशनों पर छठ के ये गीत बजाने का पवित्र पर्व शुरु किया है. ये गीत बेंगलुरु,हैदराबाद,पुणे,कोलकाता जैसे हजारों स्टेशनों पर बज रहे हैं. इसी प्रकार मुंबई के स्टेशनों पर भी ये गीत बज रहे हैं.’
छठ के पारंपरिक गीत छठ मइया के भजन हैं। ये भजन मुख्य तौर पर भोजपुरी, मैथिली और मगही बोलियों में गाए जाते हैं। आज से नहीं, हमारी माताएं बहनें हज़ारों साल से गा रही हैं। भारतीय रेलवे ने देश के तमाम रेलवे स्टेशनों पर छठ के ये गीत बजाने का पवित्र पर्व शुरु किया है। ये गीत बेंगलुरु,हैदराबाद,पुणे,कोलकाता जैसे हज़ारों स्टेशनों पर बज रहे हैं। इसी प्रकार मुंबई के स्टेशनों पर भी ये गीत बज रहे हैं। मुंबई में इस पर ऐतराज करना संकीर्ण मानसिकता का प्रतीक है। रेलवे द्वारा छठ महापर्व के प्रति अभिव्यक्त इस भक्ति भाव में शक्ति प्रदर्शन सूँघने का प्रयत्न करना ओछी हरकत है। माता उन्हें सुबुद्धि दें। #ChhathPuja
— Sanjay Nirupam (@sanjaynirupam) November 12, 2026
उन्होंने आगे कहा, ‘मुंबई में इस पर ऐतराज करना संकीर्ण मानसिकता का प्रतीक है. रेलवे द्वारा छठ महापर्व के प्रति अभिव्यक्त इस भक्ति भाव में शक्ति प्रदर्शन सूंघने का प्रयत्न करना ओछी हरकत है. माता उन्हें सुबुद्धि दें.
कांग्रेस नेता बोले- भोजपुरी गाने पर बुराई क्या?
कांग्रेस नेता अतुल लोंढे ने पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी प्लेटफॉर्म पर अगर मराठी गाना बजता है, तो अच्छी बात है. अगर भोजपुरी गाना बजता है, तो उसमें बुराई क्या है? भोजपुरी एक अच्छी भाषा है. इसमें राजनीति करने की क्या जरूरत है?
मंत्री बोले- देश के हर राजभवन में मनाते हैं महाराष्ट्र दिवस
सरकार में सांस्कृतिक मंत्री आशिष शेलार ने कहा कि देश के हर राजभवन में महाराष्ट्र दिवस मनाया जाता है. मैंने खुद बिहार के पटना स्थित राजभवन में आयोजित महाराष्ट्र दिवस समारोह में हिस्सा लिया है. मनसे को शायद इसकी जानकारी नहीं है.
सेंट्रल रेलवे के प्रवक्ता ने क्या कहा?
सेंट्रल रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि अलग-अलग मौकों पर स्टेशनों पर खास विषयों से जुड़े जिंगल और जागरूकता संदेश बजाए जाते हैं. मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और लोकमान्य तिलक टर्मिनस जैसे कुछ स्टेशनों पर, जहां से त्योहार की भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, छठ पूजा (जो इस हफ्ते के आखिर में मनाई जाएगी) से जुड़े गाने बजाए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि ये गाने यात्रियों के लिए जरूरी सूचनाएं देने के अलावा, बचे हुए खाली समय में बजाए जाते हैं. ऐसे गाने और संदेश केवल तभी बजाए जाते हैं, जब यात्रियों के लिए जरूरी घोषणाएं करने के बाद समय बचता है.
रेलवे स्टेशन पर गाने बजाने से उपजी नई बहस
अब इस पूरे मसले पर नए विवाद को जन्म दे दिया गया है. कई तरह के सवाल उठ रहे हैं कि क्या रेलवे स्टेशन पर महाराष्ट्र के त्योहारों और क्षेत्रीय सांस्कृतिक परंपराओं को भी इसी तरह से जगह दी जाना चाहिए. छठ पूजा असल में विशेष तौर पर पूर्वी यूपी, बिहार और झारखंड में मनाई जाती है.






