कर्नाटक के निप्पाणी में आवास वितरण कार्यक्रम में बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत, बीजेपी विधायक शशिकला जोल्ले भावुक होकर रो पड़ीं. बेलगावी जिले के निप्पाणी तालुका के पट्टणकुडी गांव में आयोजित आवास वितरण कार्यक्रम के दौरान बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया.
यह कार्यक्रम आश्रय योजना के तहत लाभार्थियों को लॉटरी प्रणाली के जरिए मकान वितरित करने के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें आश्रय समिति के अधिकारी और सदस्य मौजूद थे. योजना के तहत करीब 950 मकान शामिल थे, जिनमें से लगभग 800 मकानों का वितरण किया जा रहा था, जबकि शेष मकानों के लिए आवेदन आमंत्रित करने की तैयारी थी.
यह भी पढ़ें : UP में भीषण गर्मी पर CM योगी अलर्ट, अस्पतालों में हीट स्ट्रोक मरीजों के लिए विशेष इंतजाम के निर्देश
कांग्रेस अध्यक्ष के आरोप
विवाद उस समय शुरू हुआ जब BUDA चेयरमैन और चिक्कोडी जिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मणराव चिंगाले अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे और मकानों के आवंटन की प्रक्रिया पर सवाल उठाए. चिंगाले ने आरोप लगाया कि मकानों के वितरण में अनियमितताएं और भेदभाव किया जा रहा है और चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाने की कोशिश हो रही है. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सांसद प्रियंका जारकीहोली को कार्यक्रम में क्यों नहीं बुलाया गया.
कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई
इसी बात को लेकर निप्पाणी की बीजेपी विधायक शशिकला जोल्ले और लक्ष्मणराव चिंगाले के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव में बदल गई. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि हाथापाई की नौबत आ गई, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए चिंगाले को कार्यक्रम स्थल से बाहर ले गई. हंगामे के चलते अधिकारियों ने बीच में ही आवास वितरण प्रक्रिया को स्थगित कर दिया.
विधायक शशिकला जोल्ले हुईं इमोशनल
कार्यक्रम रद्द होने के बाद विधायक शशिकला जोल्ले महिलाओं और लाभार्थियों से बात करते हुए भावुक हो गईं और रो पड़ीं. सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कई परिवार अपने बच्चों के लिए घर पाने का सपना लेकर यहां आए थे, लेकिन राजनीतिक हस्तक्षेप ने लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.
यह भी पढ़ें : आग से मत खेलो, कुर्बानी तो होगी, गाय, बकरे…’, CM शुभेंदु को हुमायूं कबीर ने दी चेतावनी






