- ईरान ने ट्रंप की ईरान की सभ्यता नष्ट करने की धमकी का जिक्र किया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत को लेकर की गई अपमानजनक टिप्पणी पर गुरुवार (23 अप्रैल, 2026) को विदेश मंत्रालय की तरफ से प्रतिक्रिया दी गई है. विदेश मंत्रालय ने राष्ट्रपति ट्रंप के भारत और चीन को लेकर दिए गए ‘हेलहोल’ वाले टिप्पणी पर सीधी प्रतिक्रिया देने से परहेज किया है.
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार (23 अप्रैल) को ट्रंप की टिप्पणी पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, ‘हमने कुछ रिपोर्ट्स देखीं हैं. मैं बस इतना ही कहूंगा.’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत और चीन के लिए क्या कहा?
दरअसल, यह मामला तब सामने आया जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार (स्थानीय समय) को अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर एक ट्रांस्सक्रिप्ट पोस्ट की, जो एक कंजरवेटिव टॉक शो होस्ट माइकल सैवेज के कार्यक्रम से ली गई थी.
इस शो में सैवेज अमेरिका में जन्मसिद्ध नागरिकता (Birthright Citizenship) को लेकर बात कर रहे थे. उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग प्रेगनेंसी के आखिरी दौर में अमेरिका चले आते हैं, ताकि उनके बच्चे को अपने आप अमेरिका की नागरिकता मिल जाए. उन्होंने कहा कि बाद में ये लोग अपने परिवार के सदस्यों को भारत, चीन और दुनिया के कुछ अन्य हेलहोल देशों से बुलाते हैं.
उन्होंने यह भी तर्क दिया कि इमिग्रेशन के ट्रेंड्स अमेरिकी समाज को बदल रहे हैं और अमेरिकी संविधान की आलोचना करते हुए कहा कि यह आज के समय, जैसे हवाई यात्रा और इंटरनेट, के लिए उपयुक्त नहीं है.
ट्रंप के हेलहोल पोस्ट पर ईरान ने दी प्रतिक्रिया
मिडिल ईस्ट में अमेरिका और इजरायल के साथ भारी तनाव से जूझ रहे ईरान ने भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हेलहोल वाली टिप्पणी पर भारत और चीन के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दी है. तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में स्थित ईरान के कांसुलेट जनरल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘चीन और भारत सभ्यता के पालने हैं. असल में ‘हेलहोल’ वो जगह है, जहां उसका युद्ध-अपराधी राष्ट्रपति ईरान की सभ्यता को तबाह करने की धमकी देता है.’
ईरानी महावाणिज्य दूतावास की तरफ से की गई यह टिप्पणी ट्रंप की उन धमकियों की ओर इशारा करती है, जो उन्होंने ईरान के साथ संघर्ष के दौरान दी थीं. ट्रंप ने धमकी दी थी कि अगर ईरान उनकी शर्तें नहीं मानता और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से नहीं खोलता है, तो पूरी ईरान सभ्यता खत्म हो सकती है.
यह भी पढ़ेंः ट्रंप ने फिर पार की हद! भारत को लेकर कह दी अपमानजनक बात, पढ़कर खौल उठेगा आपका खून





