रात की गर्मी दिन की धूप से भी ज्यादा खतरनाक! डॉक्टरों ने दी बड़ी चेतावनी

रात की गर्मी दिन की धूप से भी ज्यादा खतरनाक! डॉक्टरों ने दी बड़ी चेतावनी


Extreme Heat: देशभर में इस समय भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है और अब जल्द ही नौतपा भी शुरू होने वाला है. आमतौर पर लोगों को लगता है कि गर्मी सिर्फ दिन में ही सबसे ज्यादा परेशान करती है, खासकर दोपहर के समय जब करीब 2 बजे तक धूप इतनी तेज हो जाती है कि लोगों की शर्ट तक पसीने से भीग जाती है. सड़क पर निकलना मुश्किल हो जाता है और शरीर पूरी तरह थक जाता है. लेकिन अब डॉक्टरों और मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सिर्फ दिन की धूप ही नहीं, बल्कि रात की गर्मी भी लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल रही है. कई बार यह असर धीरे-धीरे बढ़ता है और लोगों को तब तक समझ नहीं आता, जब तक तबीयत ज्यादा खराब न हो जाए.

गर्म रातों की वजह से कम हो रही लोगों की नींद

हाल ही में हुई एक स्टडी में 68 देशों के करीब 47 हजार लोगों की नींद से जुड़ा डेटा देखा गया. इसमें पता चला कि जिन रातों में तापमान 86 डिग्री फॉरेनहाइट से ऊपर गया, उन रातों में लोग औसतन 14 मिनट कम सोए. सुनने में यह समय कम लगता है, लेकिन अगर पूरे साल का हिसाब लगाया जाए तो यह करीब 44 घंटे की नींद कम हो जाती है. डॉक्टरों का कहना है कि लगातार कम नींद लेने से इंसान सिर्फ थका हुआ ही महसूस नहीं करता, बल्कि उसकी सोचने और सही फैसला लेने की क्षमता भी कमजोर होने लगती है. गर्म रातों में लोगों को चिड़चिड़ापन, बेचैनी और ध्यान लगाने में परेशानी भी होने लगती है.

शरीर को नहीं मिल पाता आराम

डॉक्टरों के मुताबिक रात के समय शरीर खुद को ठंडा करने की कोशिश करता है, ताकि दिनभर की थकान दूर हो सके. लेकिन जब रात का तापमान भी ज्यादा रहता है, तो शरीर को राहत नहीं मिल पाती. लगातार पसीना आने से शरीर में पानी और जरूरी नमक की कमी होने लगती है. इससे कमजोरी, सिर दर्द, चक्कर और थकान जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. कई लोग सुबह उठते ही सुस्ती और बेचैनी महसूस करते हैं, क्योंकि उनका शरीर रातभर ठीक से आराम ही नहीं कर पाता.

यह भी पढ़ेंः Thyroid In Children: छोटे बच्चों का बढ़ता वजन न करें अनदेखा, हो सकती है यह खतरनाक बीमारी

बढ़ती गर्म रातें बन रहीं दुनिया के लिए बड़ा खतरा

विशेषज्ञों की एक रिपोर्ट में सामने आया है कि जलवायु बदलाव की वजह से दुनिया भर में रात का तापमान तेजी से बढ़ रहा है. साल 2024 की एक रिपोर्ट के मुताबिक करीब 2.4 अरब लोग ऐसे हालात का सामना कर रहे हैं, जहां उन्हें हर साल कम से कम दो हफ्ते ज्यादा गर्म रातें झेलनी पड़ रही हैं. रिपोर्ट में बताया गया कि कई जगहों पर रात का तापमान 77 डिग्री फॉरेनहाइट से ऊपर पहुंच रहा है और आने वाले समय में यह समस्या और बढ़ सकती है. डॉक्टरों का कहना है कि यह कोई भविष्य की चिंता नहीं, बल्कि अभी की सच्चाई बन चुकी है, जो लोगों की नींद, सोचने की क्षमता और शरीर की सेहत पर सीधा असर डाल रही है.

किन लोगों को सबसे ज्यादा खतरा?

डॉक्टरों के मुताबिक छोटे बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और पहले से बीमार लोग सबसे ज्यादा खतरे में रहते हैं. बुजुर्गों के शरीर से पसीना कम निकलता है, जिससे उनका शरीर जल्दी ठंडा नहीं हो पाता. बच्चों के शरीर में पानी जल्दी कम होता है. वहीं जिन लोगों को दिल, फेफड़ों या किडनी से जुड़ी बीमारी है, उनके लिए गर्म रातें और ज्यादा परेशानी पैदा कर सकती हैं. बाहर काम करने वाले मजदूर और धूप में लंबे समय तक रहने वाले लोगों को भी ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है.

रात की गर्मी को हल्के में लेना पड़ सकता है भारी

डॉक्टर सलाह दे रहे हैं कि लोग सिर्फ दिन की धूप से ही नहीं, बल्कि रात की गर्मी से भी बचाव करें. सोने से पहले खूब पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें और कमरे में हवा आने-जाने का इंतजाम रखें. अगर रात में शरीर को आराम नहीं मिलेगा, तो गर्मी का असर धीरे-धीरे सेहत को कमजोर कर सकता है. इसलिए अब जरूरी हो गया है कि लोग दिन के साथ-साथ रात की गर्मी को भी गंभीरता से लें.

यह भी पढ़ेंः AC And Heatwave Health Risks: AC से निकलते ही धूप में जाना पड़ सकता है भारी, अचानक तापमान बदलने से पड़ सकते हैं बीमार

Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )

Calculate The Age Through Age Calculator



Source link