‘साउथ इंडिया दरगाह एंड मस्जिद एसोसिएशन’ ने गुरुवार को आरएसएस (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के उस बयान का स्वागत किया है, जिसमें उन्होंने 1930 के दशक में संघ पर लगने वाले संभावित प्रतिबंध का विरोध करने वाले एक मुस्लिम व्यक्ति के योगदान को याद किया था. RSS चीफ ने उस समय का एक किस्सा सुनाते हुए बताया कि तब सेंट्रल प्रोविंस की विधानसभा में संघ पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश हुई थी. उन्होंने कहा, ‘उस समय संघ के समर्थन में कोई स्वयंसेवक सामने नहीं आया था. ऐसे में इब्राहिम नाम के एक व्यक्ति ने संघ का पक्ष रखते हुए कहा था कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए और क्योंकि वह सांप्रदायिक संगठन नहीं है.’
मोहन भागवत के इसी बयान पर एसोसिएशन के सचिव जाफर अली ने उनकी तारीफ की. उन्होंने कहा कि धर्म से ऊपर उठकर किसी व्यक्ति के योगदान को सम्मान देना आपसी सद्भाव और लोकतांत्रिक भावना की एक मजबूत मिसाल है. जाफर अली ने कहा, ‘सच का कोई धर्म नहीं होता, इंसानियत की कोई सीमा नहीं होती और देशभक्ति हर भारतीय का अधिकार है. देश का इतिहास सभी धर्मों के लोगों के योगदान से समृद्ध हुआ है. ईसाई और सिख सहित सभी समुदायों की देश के भविष्य में बराबर की हिस्सेदारी है.’
मस्जिद एसोसिएशन ने की RSS चीफ की तारीफ
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक जाफर अली ने कहा, ‘समाज में किसी के भी योगदान को उसकी धार्मिक पहचान से नहीं तौला जाना चाहिए. हमारी आस्था भले ही अलग-अलग हो, लेकिन हमारा संविधान एक है, हमारी मातृभूमि एक है और हमारा भविष्य भी एक है. इब्राहिम को मिला यह सम्मान देश में आपसी सम्मान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनेगा.’
मोहन भागवत ने कहा, ‘इब्राहिम का मानना था कि हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र बताने वाले लोग मानसिक रूप से बीमार हैं और उन्हें मेंटल हॉस्पिटल भेजा जाना चाहिए. मैं डॉ. हेडगेवार को जानता हूं, वे मानसिक रूप से बीमार नहीं, बल्कि एक नेक इंसान हैं, लिहाजा संघ कम्युनल नहीं हो सकता.’






