कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने इंडोनेशिया के उपराष्ट्रपति गिब्रान राकाबुमिंग राका के इस्तीफे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए दावा किया कि इंडोनेशिया के उपराष्ट्रपति ने हाई स्कूल सर्टिफिकेट में गड़बड़ी के चलते इस्तीफा दिया है. इसी आधार पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट और सांसदों पर भी तंज कसा. श्रीनेत ने कहा कि अगर भारत में शर्म हो तो आधी मोदी कैबिनेट और सांसदों को इस्तीफा देना पड़ जाए. उन्होंने यहां फर्जी डिग्री धारकों की जमात होने का आरोप भी लगाया.
इंडोनेशिया के उपराष्ट्रपति ने हाई स्कूल सर्टिफिकेट में गड़बड़ी के चलते इस्तीफ़ा दिया हिंदुस्तान में अगर शर्म हो तो आधी मोदी कैबिनेट और सांसदों को इस्तीफ़ा देना पड़ जाये – फेक डिग्री धारकों की जमात है यहाँ https://t.co/zMXZfr0NJY
— Supriya Shrinate (@SupriyaShrinate) November 12, 2026
सुप्रिया श्रीनेत ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
सुप्रिया श्रीनेत ने अपनी पोस्ट में लिखा, “इंडोनेशिया के उपराष्ट्रपति ने हाई स्कूल सर्टिफिकेट में गड़बड़ी के चलते इस्तीफा दिया. हिंदुस्तान में अगर शर्म हो तो आधी मोदी कैबिनेट और सांसदों को इस्तीफा देना पड़ जाये- फेक डिग्री धारकों की जमात है यहाँ.”
इंडोनेशिया के उपराष्ट्रपति ने संसद में सौंपा इस्तीफा
इंडोनेशिया के उपराष्ट्रपति गिब्रान राकाबुमिंग राका ने 12 नवंबर को संसद के उच्च सदन पीपुल्स कंसल्टेटिव असेंबली (एमपीआर) के नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंप दिया. 39 वर्षीय गिब्रान पूर्व राष्ट्रपति जोको विडोडो के बेटे हैं. उनके शैक्षणिक दस्तावेजों को लेकर विवाद पिछले महीने तब बढ़ा, जब इंडोनेशिया की संवैधानिक अदालत और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों में चुनाव के लिए जमा किए गए उनके विदेश में पढ़ाई से जुड़े दस्तावेजों की पात्रता पर सवाल उठे.
120 सांसदों ने शुरू की थी महाभियोग की मांग
गिब्रान के दस्तावेजों को लेकर विवाद के बीच 11 नवंबर को आठ राजनीतिक दलों के 120 सांसदों ने उनके खिलाफ संसदीय प्रक्रिया शुरू करने के लिए याचिका दाखिल की थी. इस पहल से उनके खिलाफ महाभियोग की कार्रवाई का रास्ता खुल सकता था. इंडोनेशिया के कानून के मुताबिक, इस मामले की जांच के लिए संसद को विशेष समिति बनानी होती. समिति यह जांच करती कि शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी पात्रता पूरी नहीं करने के बावजूद उपराष्ट्रपति पद पर बने रहकर गिब्रान ने संविधान का उल्लंघन तो नहीं किया.
इस्तीफे को मंजूरी मिलना अभी बाकी
गिब्रान ने अपना इस्तीफा संसद के उच्च सदन को सौंप दिया है. हालांकि, इंडोनेशिया के संवैधानिक प्रावधानों के तहत उच्च सदन को इस्तीफे पर आधिकारिक मंजूरी देने के लिए तीन दिन का समय मिलेगा. इसके बाद नए उपराष्ट्रपति के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.






