Nvidia का नाम पिछले कई दिनों से काफी चर्चा में बना हुआ है. 29 अक्टूबर को जैसे ही न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में जेनसन हुआंग के चीनी जासूस के साथ क्लोज रिलेशनशिप की खबरें आईं, वैसे ही चर्चा का बाजा गर्म हो गया है. ये मामला कई हफ्तों में लगातार बढ़ता ही जा रहा है. हालांकि Nvidia ने साफ किया कि उन्हे अपने सीईओ पर भरोसा है. इसी बीच विवाद गहराता हुआ देख सीईओ जेनसन हुआंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया.
जेनसन हुआंग के इस्तीफा देने की खबरों के तुरंत बाद Nvidia ने ये भी साफ कर दिया कि अब उनकी जिम्मेदारी कौन संभालेगा? कंपनी ने बताया कि Nvidia की CFO कॉलेट क्रेस अब अंतरिम जिम्मेदारी संभालेंगी. हालांकि ये भी साफ किया गया कि कंपनी अपना परमनेंट सीईओ भी ढूंढेगी. इसी बीच आइये जानते हैं कौन हैं कॉलेट क्रेस?
कौन हैं कॉलेट क्रेस?
कॉलेट क्रेस Nvidia की CFO यानी चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर हैं. वो सितंबर 2013 में Nvidia से जुड़ी थीं. तभी से वो कंपनी में बतौर एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) की जिम्मेदारी संभाल रही थीं. इससे पहले वो करीब 25 साल तक कई बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों में फाइनेंस से जुड़े अहम पदों पर काम कर चुकी हैं.
Cisco और माइक्रोसॉफ्ट में संभाली बड़ी जिम्मेदारी
Nvidia में आने से पहले क्रेस ने करीब तीन साल तक Cisco में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और CFO के रूप में काम किया है. यहां उनकी जिम्मेदारी कंपनी के अलग-अलग कारोबार, इंजीनियरिंग और ऑपरेशन से जुड़े फाइनेंशियल कामकाज को संभालने की थी. तो वहीं उससे भी पहले क्रेस ने माइक्रोसॉफ्ट में करीब 13 साल बिताए. इस दौरान उन्होंने चार साल तक कंपनी के सर्वर और टूल्स डिवीजन में CFO की जिम्मेदारी संभाली.
नई कमान मिलने पर क्या बोलीं क्रेस?
Reuters के मुताबिक Nvidia की नई अंतरिम CEO बनाए जाने के बाद कोलेट क्रेस ने कहा कि, वो कंपनी के पूर्व CEO जेनसन हुआंग की बनाई मजबूत नींव पर आगे काम करेंगी. Nvidia की असली ताकत उसके कर्मचारी हैं और पूरी टीम मिलकर कंपनी को आगे बढ़ाएगी. उन्होंने ये भी कहा कि, जेनसन हुआंग ने पिछले 33 साल में Nvidia को जिस मजबूत मुकाम तक पहुंचाया है, उसे आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी.
उन्होंने कहा कि कंपनी तेज कंप्यूटिंग तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में अपना काम जारी रखेगी. साथ ही आने वाले कारोबारी अवसरों का फायदा उठाने की कोशिश करेगी. क्रेस के मुताबिक कंपनी का ध्यान अपने ग्राहकों, कारोबारी सहयोगियों, डेवलपर्स और शेयरहोल्डर्स को बेहतर सेवाएं देने पर रहेगा.
ये भी पढ़ें: हुआंग के इस्तीफे से Nvidia में भूचाल, शेयर 14% टूटे, निवेशकों में हड़कंप






