क्या आज चेपॉक में लौटेंगे एमएस धोनी? CSK vs SRH मुकाबले से पहले बढ़ी फैंस की धड़कनें, #DhoniRet

क्या आज चेपॉक में लौटेंगे एमएस धोनी? CSK vs SRH मुकाबले से पहले बढ़ी फैंस की धड़कनें, #DhoniRet


महेंद्र सिंह धोनी को लेकर एक बार फिर क्रिकेट जगत में जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है. चेन्नई सुपर किंग (CSK) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच 18 मई को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में होने वाला मुकाबला अब सिर्फ प्लेऑफ की लड़ाई नहीं रह गया है. फैंस की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ‘कैप्टन कूल’ लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मैदान पर वापसी करेंगे.

चोट की वजह से पूरे सीजन से दूर रहे धोनी

आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने जानकारी दी थी कि एमएस धोनी काफ स्ट्रेन यानी पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव से जूझ रहे हैं. शुरुआती उम्मीद थी कि वह कुछ मैच मिस करने के बाद टीम से जुड़ जाएंगे, लेकिन उनकी रिकवरी उम्मीद से ज्यादा लंबी चली गई. टीम मैनेजमेंट धोनी की फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता था. सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि विकेटकीपिंग के दौरान मूवमेंट, दौड़ने की क्षमता और मैच फिटनेस को लेकर भी लगातार निगरानी रखी गई. यही वजह रही कि पूरे सीजन फैंस को धोनी की झलक मैदान पर देखने को नहीं मिली.

माइकल हसी और फ्लेमिंग ने क्या कहा?

सीएसके के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने कुछ दिन पहले कहा था कि धोनी नेट्स में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं. हालांकि टीम की असली चिंता उनकी रनिंग और लंबे समय तक मैदान पर टिकने की क्षमता को लेकर थी. वहीं हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने खुलासा किया कि टीम ने धोनी की जल्दी वापसी कराने की कोशिश की थी, लेकिन वॉर्म-अप मैच के दौरान उनकी चोट दोबारा उभर आई. इसके बाद टीम ने उन्हें पूरी तरह फिट होने तक आराम देने का फैसला किया.

अश्विन के बयान ने बढ़ाई वापसी की उम्मीद

पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन आश्विन के एक बयान ने फैंस की उम्मीदों को फिर से जगा दिया है. अपने यूट्यूब चैनल पर अश्विन ने कहा कि धोनी पिछले दो-तीन मैचों से खेलने के लिए तैयार थे और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनके उतरने की अच्छी संभावना है. इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर #DhoniReturn तेजी से ट्रेंड करने लगा. चेन्नई के फैंस अब इस मुकाबले को बेहद खास मान रहे हैं.

यह भी पढ़ें- IPL 2026 Playoff Scenario: RCB पहुंची प्लेऑफ में, अब 5 टीमों के बीच 3 सीटों की रोमांचक लड़ाई, समझें पूरा गणित

क्या यह धोनी का आखिरी चेपॉक मैच हो सकता है?

धोनी ने 2021 में सीएसके को खिताब जिताने के बाद कहा था कि वह अपना आखिरी टी20 मुकाबला चेन्नई में खेलना चाहेंगे. अब पांच साल बाद चेन्नई में सीएसके का आखिरी लीग मैच खेला जा रहा है, इसलिए फैंस इस मुकाबले को संभावित फेयरवेल मैच के रूप में भी देख रहे हैं. हालांकि धोनी ने अब तक रिटायरमेंट को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन अगर वह मैदान पर उतरते हैं तो चेपॉक का माहौल ऐतिहासिक बन सकता है.

यह भी पढ़ें- 3 साल की उम्र में तय कर लिया था सपना, अनिल कुंबले के बेटे मायस ने हासिल किया ये मुकाम

CSK के लिए क्यों अहम है धोनी की वापसी?

धोनी सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि सीएसके की सबसे बड़ी ताकत माने जाते हैं. उनकी मौजूदगी टीम के आत्मविश्वास को कई गुना बढ़ा देती है. प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए चेन्नई के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है. अगर धोनी खेलते हैं तो उन्हें विकेटकीपर बल्लेबाज या फिर इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका में इस्तेमाल किया जा सकता है. चाहे उनकी भूमिका छोटी हो, लेकिन उनका मैदान पर उतरना ही करोड़ों फैंस के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होगा.



Source link