How To Grow Beetroot: सर्दियों के मौसम में चुकंदर सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं, इसकी खेती करके अच्छी कमाई भी की जा सकती है. खास बात यह है कि इसे खेत के साथ-साथ घर के किचन गार्डन में भी आसानी से उगाया जा सकता है. अगर आप भी इस मौसम में चुकंदर उगाने की सोच रहे हैं, तो नवंबर का समय बुवाई के लिए अच्छा है.
सही तरीके से बीज बोने, पानी देने और पौधों की देखभाल करने पर करीब 60 से 75 दिन में फसल तैयार हो सकती है. आइए जानते हैं कि चुकंदर की बुवाई कैसे करें और अच्छी फसल के लिए किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
चुकंदर की बुवाई के लिए कैसी होनी चाहिए मिट्टी?
चुकंदर की जड़ जमीन के अंदर विकसित होती है, इसलिए इसकी खेती के लिए भुरभुरी और उपजाऊ मिट्टी होनी चाहिए. दोमट और बलुई दोमट मिट्टी इसके लिए अच्छी मानी जाती है. खेत में पानी रुकने की समस्या नहीं होनी चाहिए, क्योंकि ज्यादा नमी से जड़ सड़ सकती है. बुवाई से पहले खेत की दो से तीन बार जुताई करके मिट्टी को अच्छी तरह भुरभुरा बना लें. आखिरी जुताई के समय सड़ी हुई गोबर की खाद मिला दें. अगर खेत में पानी रुकता है, तो ऊंची क्यारियां या मेड़ बनाकर बुवाई करें.
बीज बोने से पहले करें ये काम
- चुकंदर के बीज सीधे खेत में बोए जाते हैं.
- इसकी पौध अलग से तैयार करने की जरूरत नहीं होती.
- बीजों को बोने से पहले 10 से 12 घंटे पानी में भिगोकर रख सकते हैं.
- इसके बाद उन्हें छाया में थोड़ा सुखा लें.
- ऐसा करने से बीजों के जल्दी अंकुरित होने में मदद मिल सकती है.
कितनी दूरी पर बोएं चुकंदर के बीज?
बुवाई करते समय कतार से कतार के बीच 30 से 45 सेंटीमीटर की दूरी रखें. वहीं, एक पौधे से दूसरे पौधे के बीच करीब 10 से 15 सेंटीमीटर का फासला होना चाहिए. बीज को जमीन में लगभग 2 से 2.5 सेंटीमीटर गहराई पर बोएं और ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें. इसके बाद खेत में हल्की सिंचाई करें.
यह भी पढ़ें: फसल के लिए कितना खतरनाक है प्रदूषण? NCR के किसान भाई संभल जाएं
कितने दिन के अंतर पर करें सिंचाई?
बीज बोने के बाद खेत में हल्की नमी बनाए रखना जरूरी है. इसके बाद मिट्टी की नमी देखकर पानी दें. सर्दियों में आमतौर पर 10 से 12 दिन के अंतर पर सिंचाई की जरूरत पड़ सकती है. हालांकि, यह मौसम और मिट्टी के हिसाब से बदल सकता है.
खरपतवार हटाएं और पौधों की करें छंटाई
बुवाई के करीब 15 से 20 दिन बाद पौधों की जांच करें. अगर एक जगह कई पौधे उग आए हैं, तो कमजोर पौधों को हटाकर स्वस्थ पौधों के बीच सही दूरी बना दें. खेत में उगने वाली घास और खरपतवार भी समय-समय पर निकालते रहें. हल्की गुड़ाई करने से मिट्टी में हवा पहुंचती है, लेकिन ध्यान रखें कि चुकंदर की जड़ को चोट न लगे.
60 से 75 दिन में तैयार हो जाती है फसल
चुकंदर की फसल आमतौर पर 60 से 75 दिन में खुदाई के लिए तैयार हो जाती है. हालांकि, यह समय बीज की किस्म और मौसम पर निर्भर करता है. खुदाई करते समय पौधे को सावधानी से निकालें, ताकि जड़ कटे या टूटे नहीं. फसल को ज्यादा समय तक खेत में छोड़ने से चुकंदर की जड़ सख्त और रेशेदार हो सकती है.
यह भी पढ़ें: गेहूं की फसल में कब कब करें पहली सिंचाई? जानें सही तरीका






