पश्चिम बंगाल के बैरकपुर से सांसद रहे और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश में भारत का हाई कमिश्नर (उच्चायुक्त) नियुक्त किया गया है. यूपीए सरकार में दिनेश त्रिवेदी ने रेल मंत्री के अलावा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं.
दिनेश त्रिवेदी को ऐसे समय में हाई कमीशन की जिम्मेदारी दी गई है जब भारत और बांग्लादेश मोहम्मद यूनुस प्रकरण के बाद अपने संबंधों को सुधारने के प्रयास में लगे हुए हैं. दोनों देशों के संबंध तब खराब हुए थे, जब देशभर में चले आंदोलन के बाद तख्तापलट हुआ और तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटा दिया गया था. हाल ही में बांग्लादेश में संसदीय चुनाव हुए जिसमें बीएनपी के तारिक रहमान प्रधानमंत्री चुने गए. उनके आने के बाद भारत-बांग्लादेश संबंधों में सुधार के संकेत साफ दिखे हैं. दिनेश त्रिवेदी प्रणय वर्मा की जगह लेंगे.
दिनेश त्रिवेदी का राजनीतिक करियर
दिनेश त्रिवेदी पश्चिम बंगाल की बैरकपुर लोकसभा सीट से 2009 से 2019 तक सांसद रहे. इसके अलावा वे 1990-96 और 2002-08 के दौरान राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं. वर्ष 2012 में रेल बजट में यात्री किराया बढ़ाने के प्रस्ताव पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था. इस फैसले का ममता बनर्जी ने कड़ा विरोध किया और आखिरकार त्रिवेदी को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा. बाद में टीएमसी के कोटे से मुकुल रॉय को रेल मंत्री बनाया गया था.
पूर्व उच्चायुक्त ने की थी तारिक रहमान से मुलाकात
दिनेश त्रिवेदी ने 12 फरवरी 2021 को टीएमसी से इस्तीफा दिया और अगले महीने 6 मार्च 2021 को बीजेपी का दामन थाम लिया था. बांग्लादेश में पूर्व भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने 6 अप्रैल को प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की थी. इस मुलाकात के दौरान भारत और बांग्लादेश के हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान और प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कोबीर भी इस दौरान मीटिंग में मौजूद थे.
भारतीय दूतावास ने आगे कहा, ‘उच्चायुक्त ने आपसी हित और आपसी फायदे के आधार पर एक सकारात्मक, रचनात्मक और आगे की सोच वाला नजरिया अपनाकर बांग्लादेश सरकार और लोगों के साथ मिलकर काम करने के भारत के इरादे से अवगत कराया.’ इससे पहले ईद के मौके पर उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने पीएम तारिक रहमान से मुलाकात की थी.
ये भी पढ़ें : डोनाल्ड ट्रंप ने चीन की सबसे बड़ी रिफाइनरी पर लगाया बैन तो भड़का ड्रैगन, बोला- हम अपने हितों की…





