अगर आप केनरा बैंक का ATM कार्ड इस्तेमाल करते हैं, तो अब पैसे निकालने से पहले नए चार्ज जान लेना आपके लिए फायदेमंद रहेगा. 1 सितंबर 2026 से बैंक ने ATM ट्रांजैक्शन के कुछ नियम बदल दिए हैं. सेविंग्स अकाउंट वालों की फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट घट गई है, वहीं लिमिट पार करने पर कैश निकालना और पर्याप्त बैलेंस नहीं होने पर फेल हुआ ट्रांजैक्शन पहले से महंगा हो गया है.
केनरा बैंक के सेविंग्स अकाउंट कस्टमर्स को अब एक महीने में कुल 5 फ्री ATM ट्रांजैक्शन मिलेंगे. पहले ये लिमिट 6 ट्रांजैक्शन की थी. इसमें फाइनेंशियल और नॉन फाइनेंशियल दोनों तरह के ट्रांजैक्शन शामिल हैं. लेकिन, सीनियर सिटीजन के लिए 8 फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट खत्म होने के बाद केनरा बैंक के एटीएम और कैश रिसाइकलर से किए गए ट्रांजैक्शन पर सर्विस चार्ज लगेगा. लेकिन, कैश जमा करने वाले ट्रांजैक्शन पर ये चार्ज लागू नहीं होंगे. बैंक ने ये भी कहा है कि इन सर्विस चार्ज में समय समय पर बदलाव किया जा सकता है.
यह भी पढ़े:3 और 4 सितंबर को नहीं मिलेगा चिकन, किस विरोध में बंद रहेंगी मीट की दुकानें?
पैसे निकालने पर अब ज्यादा चार्ज
फ्री लिमिट से ज्यादा कैश निकालने पर अब कस्टमर्स को पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे देने होंगे. केनरा बैंक के ATM से कैश निकालने का चार्ज 23 रुपये कर दिया है जो पहले 20 रुपये था. इसके अलावा इस पर जीएसटी भी लगेगा. इसमें UPI के जरिए ATM से कैश निकालना भी शामिल है.
अगर अकांउट में पैसे कम होने की वजह से ATM से किया गया ट्रांजैक्शन पूरा नहीं होता है, तो इसके लिए भी अब ज्यादा पैसे देने होंगे. फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट पार होने के बाद ऐसे ट्रांजैक्शन पर लगने वाला चार्ज 17 से बढ़ाकर 23 कर दिया गया है. इस पर GST अलग से लगेगा. ये चार्ज केनरा बैंक के साथ साथ दूसरे बैंकों के ATM पर किए गए ऐसे ट्रांजैक्शन पर भी लागू होगा.
ग्रीन पिन बनवाने का चार्ज हुआ कम
वहीं, बैंक ने ग्रीन पिन दोबारा बनवाने का चार्ज घटा दिया है. फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट के बाद ग्रीन पिन दोबारा बनवाने का चार्ज 23 से कम होकर 5 कर दिया गया है. ये क्लासिक, स्टैंडर्ड, प्लेटिनम, बिजनेस, सलेक्ट और वर्ल्ड कार्ड जैसे कार्ड वेरिएंट पर लागू है.
यह भी पढ़े: अमूल-मदर डेयरी के गढ़ में सेंध! 10 रुपए में Ice Cream बेचेंगे अंबानी, बॉम्बे क्रीमरी है नाम






