What To Do After Drinking Too Much Alcohol: रात में ज्यादा शराब पी ली और सुबह उठते ही सिर भारी, मुंह सूखा और शरीर टूटता हुआ लग रहा है, तो समझ लीजिए हैंगओवर ने अपना असर दिखा दिया है. यह स्थिति जितनी आम है, उतनी ही परेशान करने वाली भी होती है. कई लोग सोचते हैं कि कोई एक जादुई तरीका होगा जिससे तुरंत राहत मिल जाए, लेकिन सच्चाई थोड़ी अलग है. फिर भी कुछ आसान उपाय हैं, जिनसे आप खुद को जल्दी बेहतर महसूस करा सकते हैं. चलिए आपको इनके बारे में बताते हैं.
क्या होते हैं हैंगओवर के लक्षण?
हैंगओवर के लक्षण अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन आमतौर पर थकान, सिरदर्द, उलझन, मतली, प्यास, चिड़चिड़ापन और ध्यान लगाने में दिक्कत जैसी समस्याएं सामने आती हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह शरीर में पानी की कमी होती है. शराब बार-बार यूरिन कराती है, जिससे शरीर से तरल और जरूरी साल्ट बाहर निकल जाते हैं. यही कारण है कि सुबह उठते ही बहुत ज्यादा प्यास और कमजोरी महसूस होती है.
क्या करना चाहिए हमें?
हेल्थ और लाइफसस्टाइल के बारे में जानकारी देने वाली संस्था clevelandclinic की रिपोर्ट के अनुसार, ऐसे में सबसे पहला और जरूरी काम है कि शरीर को दोबारा लिक्यूड देना. खूब पानी पिएं, साथ ही नमक-शक्कर वाला घोल या हल्का सूप भी ले सकते हैं. इससे शरीर में खोए हुए तत्व वापस आते हैं और सिरदर्द व कमजोरी में राहत मिलती है. खाली पेट रहने से स्थिति और खराब हो सकती है, इसलिए हल्का और सादा खाना जरूर खाएं. टोस्ट, बिस्कुट या दलिया जैसे खाने की चीजों से पेट को आराम देते हैं और खून में शर्करा का स्तर संतुलित करने में मदद करते हैं. इससे चक्कर और घबराहट कम होती है.
ये भी पढ़ें-Oral Cancer Causes: क्या तंबाकू और शराब न पीने वालों को भी हो सकता है मुंह का कैंसर, जवाब सुन नहीं होगा यकीन
आराम करना जरूरी
नींद भी इस हालत में दवा की तरह काम करती है. शराब भले ही जल्दी नींद दिला दे, लेकिन नींद की गुणवत्ता खराब कर देती है. ऐसे में अगर मौका मिले तो थोड़ा आराम कर लें, इससे शरीर को ठीक होने का समय मिलता है. अगर पेट में जलन या उलझन हो रही है, तो साधारण एंटासिड लेना मदद कर सकता है. वहीं शरीर में दर्द या सिरदर्द के लिए कुछ दर्द निवारक दवाएं ली जा सकती हैं, लेकिन इन्हें सीमित मात्रा में ही लेना चाहिए क्योंकि ये पेट पर असर डाल सकती हैं.
इस बात का रखें ध्यान
एक बात जो अक्सर लोग करते हैं, सुबह फिर से थोड़ी शराब पी लेना, यह सोचकर कि हैंगओवर उतर जाएगा. लेकिन यह तरीका सही नहीं है. इससे शरीर पर और दबाव पड़ता है और समस्या बढ़ सकती है. असल में हैंगओवर का सबसे पक्का इलाज समय ही है. शरीर को शराब के असर से उबरने में कुछ घंटे लगते हैं, आमतौर पर 8 से 24 घंटे में स्थिति बेहतर हो जाती है.
ये भी पढ़ें-Aspirin Cancer Prevention: क्या कैंसर के खतरे को कम कर सकती है एस्पिरिन? जान लें इसके पीछे की वजह
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.






