वियतनाम बोट एक्सीडेंट में जान गंवाने वालों के शव लाए जाएंगे भारत, दूतावास ने क्या-क्या बताया?

वियतनाम बोट एक्सीडेंट में जान गंवाने वालों के शव लाए जाएंगे भारत, दूतावास ने क्या-क्या बताया?


वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास बोट एक्सीडेंट में जान गंवाने वाले 15 भारतीय पर्यटकों के शव सोमवार (13 जुलाई) को भारत भेजे जाएंगे. हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने इसको लेकर जानकारी शेयर की है. दूतावास ने सोशल मीडिया पर बताया कि शवों को वियतनाम एयरलाइंस की फ्लाइट वीएन-979 से हो ची मिन्ह सिटी से मुंबई ले जाया जाएगा.

दूतावास के ने कहा, ‘यह फ्लाइट स्थानीय समय के मुताबिक शाम छह बजे हो ची मिन्ह सिटी से रवाना होगी और भारतीय समय के मुताबिक रात 9.35 बजे पर मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगी.’

दूतावास ने बताया कि संबंधित राज्य सरकारों को इसको लेकर जानकारी दे दी गई है और उनसे प्रभावित परिवारों के साथ समन्वय कर पार्थिव शरीरों को उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है. इस हादसे में मारे गए 15 लोगों में से 10 तमिलनाडु, तीन आंध्र प्रदेश और दो केरल के निवासी थे. मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं. दूतावास ने कहा, ‘हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं.’

स्पीडबोट हादसे का हुई थी शिकार

गौरतलब है कि शुक्रवार को फू क्वोक द्वीप के निकट होन मे रुत नगोई क्षेत्र के पास 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के चार स्थानीय सदस्यों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट पलट गई थी. इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई. दुर्घटना में 16 अन्य पर्यटकों को बचा लिया गया, जो उपचार के बाद भारत लौट चुके हैं, जबकि एक अन्य जीवित बचे पर्यटक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका फू क्वोक के एक अस्पताल में उपचार हो रहा है.

दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. वियतनाम के अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. वियतनाम के समाचार पोर्टल ‘वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल’ के अनुसार, स्पीडबोट के संचालक को रविवार को हिरासत में ले लिया गया. फू क्वोक, वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप है और अपने सफेद रेतीले समुद्र तटों, प्रवाल भित्तियों तथा द्वीप भ्रमण के कारण प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है.

यह भी पढ़ें : बहरीन, कुवैत और जॉर्डन… धुआं-धुआं हुआ मिडिल ईस्ट, ईरान का अमेरिकी ठिकानों पर घातक हमला, ट्रंप को करारा जवाब



Source link