संजू सैमसन के टीम इंडिया से ड्रॉप होने पर बवाल मचा हुआ है. उन्हें जिम्बाब्वे टूर के लिए भारतीय स्क्वाड (India T20 Squad For Zimbabwe) में जगह नहीं मिली है. पहले उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच की प्लेइंग इलेवन से बाहर किया गया और फिर टीम से ही ड्रॉप हो गए. अब पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ इस फैसले पर भड़क उठे हैं और उन्हें एक पुराना डर सताने लगा है.
मोहम्मद कैफ का कहना है कि भारतीय टीम एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप वाली गलती दोहरा रही है, जहां ओपनिंग में 2 खब्बू बल्लेबाजों को मौका दिया जा रहा था. मगर दायें हाथ के बल्लेबाज सैमसन के आते ही ओपनिंग कॉम्बिनेशन ठीक हो गया था. सैमसन ने वर्ल्ड कप के आखिरी 3 मैचों में लगातार तीन अर्धशतक लगाकर भारत को विश्व विजेता बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था.
वर्ल्ड कप वाली गलती
अपने यूट्यूब चैनल पर मोहम्मद कैफ ने कहा कि भारतीय टीम वर्ल्ड कप वाली गलती को दोहरा रही है. उस समय ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ओपनिंग कर रहे थे, लेकिन वे दोनों ऑफ-स्पिनरों के खिलाफ लगातार आउट होने लगे थे. वर्ल्ड कप में टीम को बहुत बड़ी हार मिलने से पहले सैमसन नहीं खेल रहे थे. उन्होंने कहा कि फिर से वही स्थिति सामने आई है. जब टीम इंडिया को आयरलैंड के खिलाफ हार मिली, तब बदलाव कर दिए गए.
कैफ ने आगे कहा, “दायें और बाएं हाथ का ओपनिंग कॉम्बिनेशन सबसे बढ़िया है, जो हमने वर्ल्ड कप देखा था. हम ऑफ-स्पिनरों के खिलाफ मुश्किल में थे, लेकिन संजू के आने से वह समस्या हल हो गई थी. आप उसी गलती को फिर से दोहरा रहे हैं. वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा को लॉन्ग-टर्म ओपनिंग जोड़ी के तौर पर नहीं देखा जा सकता, वहां दायें-बाएं हाथ का कॉम्बिनेशन जरूरी है.”
जिम्बाब्वे टूर से ड्रॉप हुए सैमसन
भारतीय मैनेजमेंट ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड से संजू सैमसन को बाहर कर दिया है. भारत और जिम्बाब्वे के बीच 23 जुलाई-26 जुलाई तक तीन टी20 मैच खेले जाने हैं.
यह भी पढ़ें:
एशिया कप का शेड्यूल आया सामने, इस बार वनडे फॉर्मेट में होगा टूर्नामेंट, जानें इसकी सभी जरूरी डिटेल्स






