Shardiya Navratri 2026: शारदीय नवरात्र के पावन पर्व की शुरुआत के साथ ही राजधानी दिल्ली भक्ति के रंग में रंग गई है. मां दुर्गा की उपासना के लिए राजधानी के प्रसिद्ध शक्तिपीठों और देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ जुटने लगी है. मंदिरों से लेकर घरों में घटस्थापना और कलश पूजन का दौर शुरू हो चुका है. इससे पूर्व बाजारों में पूजन सामग्री के लिए भारी चहल-पहल देखी गई, वहीं विभिन्न इलाकों में दुर्गा पूजा पंडालों की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं, जो सप्तमी से पूर्व पूरी कर ली जाएंगी.
नवरात्र से ठीक पहले श्रद्धालु झंडेवालान देवी मंदिर, छतरपुर स्थित श्री आद्या कात्यायनी शक्तिपीठ, कनॉट प्लेस के काली मंदिर और पूर्वी दिल्ली के नीलम माता मंदिर में अखंड ज्योत लेने पहुंचे. अगर आप भी दिल्ली के प्रमुख मंदिरों में दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो निकलने से पहले समय, निकटतम मेट्रो स्टेशन और मंदिर प्रबंधन के विशेष नियम जरूर जान लें.
प्राचीन झंडेवालान देवी मंदिर: प्रसाद चढ़ाने पर रोक, जानें प्रवेश मार्ग
दिल्ली के ऐतिहासिक झंडेवालान देवी मंदिर में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
दर्शन का समय: मंदिर सुबह 4:00 बजे भक्तों के लिए खुलता है.
निकटतम मेट्रो स्टेशन: झंडेवालान मेट्रो स्टेशन (ब्लू लाइन).
प्रवेश व निकास व्यवस्था: मंदिर के अतिरिक्त प्रबंधक रवींद्र गोयल के अनुसार, श्रद्धालु रानी झांसी मार्ग, देश बंधु गुप्ता मार्ग और वरुणालय की तरफ से प्रवेश कर सकेंगे. दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को निर्धारित निकासी द्वार से बाहर निकाला जाएगा, जहां उन्हें प्रसाद वितरित किया जाएगा.
महत्वपूर्ण नियम: मंदिर परिसर के भीतर प्रसाद चढ़ाने की व्यवस्था पूरी तरह बंद रहेगी. भक्तों को सीधे दर्शन की अनुमति होगी ताकि अनावश्यक भीड़ न लगे.
श्री आद्या कात्यायनी शक्तिपीठ, छतरपुर: विदेशी फूलों से महका दरबार
छतरपुर स्थित शक्तिपीठ मंदिर में नवरात्र महोत्सव को भव्य रूप दिया गया है.
- दर्शन का समय: मंदिर सुबह 5:00 बजे खुलता है.
- निकटतम मेट्रो स्टेशन: छतरपुर मेट्रो स्टेशन (येलो लाइन).
- खास आकर्षण: मंदिर परिसर को देशी फूलों के साथ-साथ विशेष रूप से सिंगापुर और थाईलैंड से मंगाए गए विदेशी फूलों से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है.
श्री कालकाजी मंदिर: 24 घंटे खुले रहेंगे कपाट, 500 सुरक्षाकर्मी तैनात
कालकाजी मंदिर में नवरात्र के दौरान लाखों की संख्या में पहुंचने वाले भक्तों की सुविधा के लिए बड़े पैमाने पर व्यवस्था की गई है.
दर्शन का समय: कालकाजी मंदिर श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे खुला रहता है.
निकटतम मेट्रो स्टेशन: कालकाजी मंदिर मेट्रो स्टेशन (वायलेट और मैजेंटा लाइन).
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा: मंदिर प्रबंधन सुधार समिति के महासचिव सिद्धार्थ भारद्वाज ने बताया कि श्रद्धालुओं की सहायता और कतार प्रबंधन के लिए करीब 400 वॉलंटियर और 100 मार्शल तैनात रहेंगे.
प्रवेश द्वार: मंदिर में प्रवेश के लिए राम प्याऊ, ओखला और लोटस टेंपल की तरफ से अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं. प्रत्येक दिन देवी मां का विशेष और अलग-अलग श्रृंगार किया जाएगा.
नीलम माता मंदिर (पूर्वी दिल्ली)
पूर्वी दिल्ली स्थित नीलम माता मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो गई हैं.
- दर्शन का समय: सुबह 5:00 बजे से श्रद्धालु दर्शन कर सकते हैं.
- निकटतम मेट्रो स्टेशन: ईस्ट विनोद नगर मेट्रो स्टेशन (पिंक लाइन).
राजधानी के प्रमुख शक्तिपीठों में दर्शन के लिए निकलने से पहले मंदिर के कपाट खुलने का समय और तय किए गए प्रवेश मार्गों की जानकारी जरूर ध्यान में रखें, जिससे दर्शन सुगमता से हो सकें.
शारदीय नवरात्रि 2026: 11 अक्टूबर को हाथी पर सवार होकर आएंगी मां दुर्गा, बन रहा है ग्रहों का दुर्लभ महासंयोग; जानें कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.






