- अमेरिका-ईरान सैन्य तनाव से भारतीय बाजार गिरावट के साथ खुले.
- सेंसेक्स, निफ्टी गिरे; ट्रेंट के शेयर 12% से अधिक लुढ़के.
- एशियाई, अमेरिकी बाजार भी गिरे; कच्चे तेल में 4.4% उछाल.
Share Market Today on July 13: अमेरिका और ईरान के बीच भड़के सैन्य तनाव और इसके चलते मिडिल ईस्ट में रेड अलर्ट की वजह से बाजार में गंभीर चिंता का माहौल है. यही वजह है कि आज भारतीय शेयर बाजार की भी शुरुआत गिरावट के साथ हुई. इस क्रम में बीएसई का 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स 606.04 अंक लुढ़ककर 76963.35 के स्तर पर खुला. इसी तरह से निफ्टी भी 167 अंकों के नुकसान के साथ 24039 के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की.
आज कारोबार के दौरान सबसे ज्यादा 12% से अधिक गिरावट Trent Ltd के शेयरों में देखी जा रही है. पहली तिमाही के कमजोर नतीजे के चलते निवेशकों ने इसके शेयरों की बिकवाली बढ़ा दी है.
एशियाई बाजार
आज एशियाई बाजार में भारी गिरावट और बिकवाली का माहौल बना हुआ है. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ी तनातनी और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का निवेशकों के सेंटिमेंट पर असर पड़ा है. जापान का बेंचमार्क निक्केई 225 0.70% तक फिसल गया, जबकि टॉपिक्स में 0.02% की बढ़त दर्ज की गई. दक्षिण कोरिया के कोस्पी ने भी 1.80% की बढ़त हासिल की. स्मॉल-कैप कोस्डैक में 0.79% की तेजी देखी जा रही है. हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स के फ्यूचर्स अपने पिछले बंद भाव 24175.12 से 24238 पर नजर आए.
वॉल स्ट्रीट
अमेरिका पर ईरान के तीखे पलटवार के बाद सोमवार को बेंचमार्क से जुड़े US स्टॉक फ्यूचर्स गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे हैं. डाऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज फ्यूचर्स में 135 अंक या 0.3% की गिरावट देखी जा रही है. S&P 500 फ्यूचर्स में भी 0.3% की गिरावट आई है. नैस्डैक-100 फ्यूचर्स 0.5% नीचे ट्रेड कर रहे हैं. इससे पहले पिछले कारोबारी सेशन (10 जुलाई) में बाजार मजबूती के साथ बंद हुए थे. इस दौरान S&P 500 इंडेक्स 0.42% बढ़कर 7575.39 पर बंद हुआ था. नैस्डैक कम्पोजिट भी 0.29% की तेजी के साथ 26281.61 पर सेटल होने में कामयाब रहा. डाऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज की भी क्लोजिंग 149.60 अंक या 0.29% उछलकर 52637.01 पर हुई थी.
क्रूड ऑयल में उछाल
अंतर्राष्ट्रीय कमोडिटी मार्केट में आज कच्चे तेल की कीमतों में 4.4% से अधिक की बढ़ोतरी हुई है. ब्रेंट क्रूड 4.41% की तेजी के साथ 79.36 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है और यह तेजी से 80 डॉलर की ओर बढ़ रहा है. इसी तरह से वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड भी 4.43% उछलकर 74.57 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को छू चुका है. घरेलू वायदा बाजार में भी आज कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है, जो ओपेनिंग सेशन में ही करीब 177 रुपये की बढ़त के साथ 6991 प्रति बैरल के हाई लेवल पर कारोबार कर रहा है.
अमेरिकी डॉलर
आज अमेरिकी डॉलर इंडेक्स (DXY)0.18% बढ़कर 101.13 पर ट्रेड कर रहा है. यह इंडेक्स ब्रिटिश पाउंड, यूरो, स्वीडिश क्रोना, जापानी येन, स्विस फ्रैंक जैसी करेंसीज के मुकाबले डॉलर की मजबूती या कमजोरी का आकलन करता है. 10 जुलाई को रुपया 0.07% गिरकर डॉलर के मुकाबले 95.32 पर बंद हुआ था.
ये भी पढ़ें:
Stocks to Watch: मुनाफा कराने का दम रखते हैं ये स्टॉक्स! जानें आज फोकस में रहने वाले शेयरों की लिस्ट






