Home Gardening: सरकारी आवास मिलने की सबसे बड़ी खासियत यह होती है कि घर के आगे या पीछे थोड़ी-बहुत खुली जमीन जरूर मिल जाती है. अगर आप भी किसी सरकारी क्वार्टर या बंगले में रहते हैं, तो इस खाली पड़ी जगह का सही इस्तेमाल करके आप अपनी रसोई का बजट कम कर सकते हैं. बाजार में मिलने वाली महंगी और केमिकल युक्त सब्जियों से बचने के लिए आंगन में छोटा सा किचन गार्डन तैयार करना सबसे बेहतरीन विकल्प है. कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, थोड़ी सी देखभाल और सही प्लानिंग के साथ आंगन में बोई गई सब्जियां पूरे साल परिवार को ताजा और पौष्टिक स्वाद दे सकती हैं.
बारहमासी पौधों से करें शुरुआत
आंगन के एक कोने में ऐसी सब्जियां और पौधे लगाने चाहिए जो एक बार लगाने के बाद सालों तक फल देते हैं. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के किचन गार्डन मॉडल के अनुसार, बगीचे की उत्तरी दिशा में सहजन, करी पत्ता, नींबू और पपीता जैसे बारहमासी पौधे लगाना सबसे फायदेमंद रहता है. इससे बाकी छोटी सब्जियों की धूप भी नहीं रुकती है. करी पत्ता और नींबू हर घर की रोजमर्रा की जरूरत होते हैं, जिन्हें आंगन में लगाने से बार-बार बाजार जाने की झंझट खत्म हो जाती है.
हर मौसम में उगने वाली सब्जियां
रसोई में रोज इस्तेमाल होने वाले टमाटर, हरी मिर्च और बैंगन को आप आंगन की क्यारियों में आसानी से उगा सकते हैं. टमाटर और हरी मिर्च के पौधे साल के ज्यादातर महीनों में अच्छी पैदावार देते हैं. नवंबर का महीना इन पौधों की रोपाई के लिए बेहद अनुकूल माना जाता है. बस इस बात का ध्यान रखें कि इन्हें ऐसी जगह लगाएं जहां रोज कम से कम पांच से छह घंटे की सीधी धूप आती हो. एक बार पौधे तैयार हो जाने पर इनसे कई महीनों तक लगातार सब्जियां तोड़ी जा सकती हैं.
कम समय में तैयार होने वाली पत्तेदार सब्जियां
अगर आप चाहते हैं कि बुवाई के कुछ ही दिनों बाद घर की सब्जी खाने को मिले, तो पालक, मेथी और हरा धनिया जरूर लगाएं. ये पत्तेदार सब्जियां बहुत कम जगह घेरती हैं और बुवाई के 25 से 35 दिनों के भीतर पहली कटाई के लिए तैयार हो जाती हैं. इनकी खासियत यह है कि ऊपर से पत्तियां काटने के बाद इनमें दोबारा नई पत्तियां निकल आती हैं, जिससे एक ही बुवाई में तीन से चार बार ताजी सब्जी मिल जाती है. सर्दियों के इस मौसम में आप इनके साथ मूली, गाजर और मटर भी बो सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Fertilizer Price: DAP खाद के दाम नहीं बढ़ाएगी सरकार, जानें 50 किलो बोरे की कीमत
बेल वाली सब्जियों के लिए दीवार का सहारा
आंगन में जगह कम होने पर भी लौकी, तोरई, करेला और सेम जैसी बेल वाली सब्जियां आसानी से उगाई जा सकती हैं. इन सब्जियों के बीजों को आंगन की बाउंड्री वॉल या किसी किनारे पर बो दें और बेल को ऊपर चढ़ने के लिए रस्सी या बांस का सहारा दे दें. इससे जमीन की जगह भी बचती है और बेल पर लगने वाली सब्जियां मिट्टी के संपर्क में आकर खराब भी नहीं होती हैं. घर की रसोई से निकलने वाले सब्जियों के छिलकों से बनी जैविक खाद का इस्तेमाल करके आप बिना किसी खर्च के सालभर शुद्ध और स्वादिष्ट सब्जियों का आनंद ले सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Buffalo Milk: ज्यादा दूध देने लगेगी आपकी भैंस, अपनाएं ये नेचुरल तरीके, खर्च भी बेहद कम






