देश के कई राज्यों में इस समय प्रचंड गर्मी हो रही है. इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 15 राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक मानसून के दक्षिण पूर्वी अरब सागर, अंडमान सागर, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अन्य क्षेत्रों में पहुंचने के हालात बन रहे हैं. कई राज्यों में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बारिश भी हो सकती है.
46 डिग्री तक पारा
IMD के मुताबिक मानसून की वजह से लक्षद्वीप, केरल, असम, मेघालय, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भारी बारिश हो सकती है. उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, यूपी, राजस्थान और दिल्ली का पारा शनिवार और रविवार को 46 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है.
दिल्ली का मौसम
राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाके में इन दिनों भीषण गर्मी का कहर है. मौसम विभाग ने 25 मई तक लू का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के मुताबिक 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा दिन का तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है. हालांकि दिल्ली, गुरुग्राम, गाजियाबाद, नोएडा और फरीदाबाद में हल्की-फुल्की बारिश भी हुई है.
यूपी में कब होगी बारिश
उत्तर प्रदेश में IMD ने 23 से 28 मई तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. फतेहपुर, उन्नाव, इटावा, मिर्जापुर, कन्नौज, बांदा, चित्रकूट, महोबा, राठ और कानपुर में पारा 46 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है. गोरखपुर, वाराणसी, बस्ती, अयोध्या. आजमगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, सोनभद्र, भदोही, सुल्तानपुर, अमेठी और बाराबंकी में बारिश की संभावना नहीं है.
यूपी से सटे बिहार में आज कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. 25 मई को भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक दरभंगा, गया, मधुबनी, पूर्णिया और भागलपुर में 24-25 मई को बारिश हो सकती है.
पंजाब में आज बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब के पठानकोट और अमृतसर में आज हल्की बारिश हो सकती है. लुधियाना, पटियाला, बठिंडा और मोहाली को गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं. हरियाणा में भी 25 मई तक लू का अलर्ट जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें
‘अगर बंगाल में रहना है तो…’, बकरीद पर कुर्बानी को लेकर हुमायूं कबीर को शुभेंदु की मंत्री की दो टूक






