Kabirdas Jayanti 2026: कबीरदास जयंती कब है ? जानें उनके जीवन से जुड़ी वो बातें, जिनसे आप अनजान

Kabirdas Jayanti 2026: कबीरदास जयंती कब है ? जानें उनके जीवन से जुड़ी वो बातें, जिनसे आप अनजान


Kabirdas Jayanti 2026: संत कबीरदास जयंती 29 जून को है. ये कबीरदास जी की 649वीं जन्म वर्षगांठ होगी. भक्तिकाल के महान संत कबीरदास भारतीय आध्यात्मिक परंपरा के ऐसे स्तंभ हैं, जिनकी वाणी आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी उनके समय में थी.

वो केवल एक कवि नहीं थे, बल्कि एक निडर विचारक, सामाजिक सुधारक और मानवता के सच्चे प्रवक्ता भी थे. उनकी शिक्षाओं का मूल उद्देश्य था. समाज को पाखंड, अंधविश्वास और दिखावटी धार्मिकता से मुक्त करना.

कबीरदास जी का जन्म

कबीरदास जी की जयंती हर वर्ष ज्येष्ठ माह की पूर्णिमा को मनाई जाती है, जिसे कबीर जयंती के रूप में पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है. उनके जन्म वर्ष को लेकर विद्वानों में मतभेद है, लेकिन प्रचलित मान्यता के अनुसार उनका जन्म 1398 ईस्वी में काशी में हुआ था. वहीं, 1518 ईस्वी में मगहर में उन्होंने शरीर त्याग किया. 

कबीरदास जी के जीवन की महत्वपूर्ण बातें

  • कबीरदास का जीवन कई किंवदंतियों से घिरा हुआ है. उनका पालन-पोषण एक जुलाहा दंपति ने किया. वह औपचारिक रूप से शिक्षित नहीं थे, लेकिन उनकी वाणी में जो गहराई और सच्चाई थी, वह किसी भी विद्वान से कम नहीं थी.
  • उनके दोहे आज भी जनमानस को जीवन की सच्चाई दिखाने का काम करते हैं जैसे – “बड़ा हुआ तो क्या हुआ, जैसे पेड़ खजूर. पंथी को छाया नहीं, फल लागे अति दूर॥”
  • इस दोहे के माध्यम से कबीर ने अहंकार  धार्मिक कट्टरता और कर्मकांडों पर तीखा व्यंग्य किया है. उनकी भाषा सरल, सहज और लोकजीवन से जुड़ी हुई थी, जिससे आम लोग भी उनकी बातों को आसानी से समझ पाते थे.
  • कबीरदास ने अपने समय में फैले जातिवाद, धार्मिक कट्टरता और कर्मकांडों का खुलकर विरोध किया. वह हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रबल समर्थक थे, उन्होंने दोनों ही धर्मों की रूढ़ियों की आलोचना की. यही कारण है कि उनके विचारों ने सामाजिक और धार्मिक परिस्थितियों को प्रभावित किया.
  • कबीर की शिक्षाओं को आगे बढ़ाने के लिए कबीर पंथ सक्रिय है, जो उनके विचारों सत्य, प्रेम, और समानता को समाज में फैलाने का कार्य कर रहा है. 
  • आज के दौर में, जब समाज फिर से कई तरह के भ्रम और विभाजन का सामना कर रहा है, कबीरदास के विचार हमें सादगी, सत्य और मानवता का मार्ग दिखाते हैं. उनका जीवन और साहित्य यह सिखाता है कि सच्चा धर्म वही है, जो इंसान को इंसान से जोड़ता है न कि अलग करता है.

कबीर के दोहे

  1. काल करे सो आज कर, आज करे सो अब। पल में परलय होएगी, बहुरि करेगा कब॥
  2. तिनका कबहुं ना निन्दिये, जो पांवन तर होय, कबहुं उड़ी आंखिन पड़े, तो पीर घनेरी होय।
  3. दुख में सुमिरन सब करे, सुख में करे न कोय। जो सुख में सुमिरन करे, तो दुख काहे को होय॥
  4. निंदक नियरे राखिए, आंगन कुटी छवाय। बिन पानी, साबुन बिना, निर्मल करे सुभाय॥
  5. धीरे-धीरे रे मना, धीरे सब कुछ होय, माली सींचे सौ घड़ा, ॠतु आए फल होय।

Jyeshtha Amavasya 2026: ज्येष्ठ अमावस्या कब ? पितर, शनि देव और सुहागिनों का गहरा संबंध, जानें महत्व

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.



Source link