Rava Dosa Making Tips : साउथ इंडियन खाने का नाम आते ही सबसे पहले जो डिश दिमाग में आती है, वह पतला और कुरकुरा डोसा है. कोई इसे नारियल की चटनी के साथ खाना पसंद करता है तो कोई सांभर के साथ, खासतौर पर रवा डोसा की बात ही अलग होती है. इसका टेक्सचर और करारापन इसे बाकी डोसे से अलग बनाता है, लेकिन अक्सर घर पर रवा डोसा बनाते समय एक समस्या सामने आती है. खासकर जब तवा नया हो, तो डोसा तवे पर चिपकने लगता है. कभी डोसा फैलता नहीं, कभी बीच से फट जाता है तो कभी उसे उठाते समय उसके टुकड़े हो जाते हैं. ऐसे में कई लोगों को लगता है कि शायद बैटर खराब बन गया है, जबकि असली वजह अक्सर तवा और उसे इस्तेमाल करने का तरीका होता है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो आइए आज हम आपको बताते हैं कि नए तवे पर रवा डोसा क्यों चिपक जाता है और इसका कैसे इस्तेमाल करेंगे तो परेशानी नहीं होगी.
नए तवे पर क्यों चिपक जाता है रवा डोसा?
नया तवा खरीदने के बाद उसकी सतह पूरी तरह तैयार नहीं होता है. खासतौर पर अगर तवा लोहे का है, तो उसमें नेचुरल नॉन-स्टिक परत होने में समय लगता है. इस वजह से बैटर सीधे तवे की सतह से चिपकने लगता है और डोसा टूट जाता है. इसके अलावा तवे का ज्यादा गर्म या कम गर्म होना, सतह पर नमी या गंदगी होना और गलत तरीके से तेल का इस्तेमाल करना भी डोसा चिपकने की बड़ी वजह बन सकता है.
इसका कैसे इस्तेमाल करेंगे तो परेशानी नहीं होगी?
अगर आपका तवा नया है तो उसे सीधे डोसा बनाने के लिए इस्तेमाल न करें. पहले उसे अच्छी तरह सीजन करना जरूरी है. इसके लिए तवे को गर्म करें और उस पर हल्का तेल लगाकर कुछ मिनट तक गर्म होने दें. ऐसा लगातार कुछ दिनों तक करने से तवे की सतह पर एक पतली परत बन जाती है, जो उसे नेचुरल नॉन-स्टिक गुण देती है.जितना पुराना और अच्छी तरह सीजन किया हुआ तवा होगा, उतना ही अच्छा डोसा बनेगा.
तवे का टेंपरेचर सही होना चाहिए
रवा डोसा बनाने में तवे का टेंपरेचर सबसे जरूरी होता है. अगर तवा बहुत ज्यादा गर्म होगा तो बैटर पड़ते ही चिपक जाएगा और सही तरीके से फैलेगा नहीं, वहीं अगर तवा ठंडा होगा तो बैटर पकने के बजाय तवे से चिपकने लगेगा. तवा सही टेंपरेचर पर है या नहीं, यह चेक करने के लिए उस पर कुछ बूंद पानी छिड़कें. अगर पानी धीरे-धीरे सूख जाए तो इसका मतलब टेंपरेचर सही है. लेकिन अगर पानी तुरंत तेज आवाज के साथ गायब हो जाए, तो तवा जरूरत से ज्यादा गर्म है.
यह भी पढ़ें – Washing White Clothes Tips : सफेद शर्ट पर लग गया है दूसरे कपड़े का रंग, मिनटों में ऐसे हो जाएगा साफ
रवा डोसा का बैटर बहुत गाढ़ा न रखें
रवा डोसा का बैटर नॉर्मल डोसे के बैटर से थोड़ा पतला होता है. इसकी वजह से डोसे में जालीदार बनावट आती है. अगर बैटर बहुत गाढ़ा होगा तो डोसा मोटा बनेगा और तवे से चिपक सकता है. इसलिए बैटर को इतना पतला रखें कि वह आसानी से बह सके और तवे पर डालते ही खुद फैल जाए. कई बार पिछले डोसे के छोटे-छोटे जले हुए कण तवे पर रह जाते हैं. यही कण अगले डोसे को चिपका देते हैं. इसलिए हर बार नया डोसा बनाने से पहले तवे को गीले कपड़े से हल्के हाथों से पोंछ लें. इससे अतिरिक्त तेल और जली हुई परत हट जाएगी और सतह साफ हो जाएगी.
कुरकुरा रवा डोसा बनाने के लिए अपनाएं ये आसान ट्रिक्स
1. नया तवा इस्तेमाल करने से पहले उसे अच्छी तरह सीजन करें और बैटर को थोड़ा पतला रखें.
2. तवे का तापमान हमेशा मिडियम रखें, साथ ही हर डोसे से पहले तवे को साफ करें.
3. प्याज या आलू से तवे पर हल्का तेल लगाएं, इससे तवे की सतह चिकनी हो जाती है और डोसा आसानी से निकल आता है
4. बहुत ज्यादा तेल का यूज न करें. बहुत कम तेल होगा तो डोसा तवे से चिपक सकता है. वहीं बहुत ज्यादा तेल डालने से बैटर सही तरीके से फैल नहीं पाएगा.
5. डोसे को पूरी तरह पकने दें, फिर ही उठाएं. कई लोग जल्दी में डोसा पलटने या उठाने लगते हैं. जब डोसे के किनारे खुद ऊपर उठने लगें और उसका रंग सुनहरा हो जाए, तभी उसे पलटें या निकालें. इससे डोसा फटता नहीं है.
6. फ्रिज का ठंडा बैटर तुरंत तवे पर न डालें,अगर आपने बैटर फ्रिज में रखा है तो उसे इस्तेमाल करने से करीब आधा घंटा पहले बाहर निकाल लें.
यह भी पढ़ें – Fridge Storage Tips : फ्रिज में रखी ये चीजें होती हैं सबसे पहले खराब, ज्यादातर लोग करते हैं यहीं गलती






