Donald Trump on Khamenei Funeral: ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की शुरुआत के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. ट्रंप ने ईरान पर निशाना साधते हुए दावा किया कि अमेरिका ने अंतिम संस्कार के लिए ईरान को एक हफ्ते का समय दिया क्योंकि अमेरिका अच्छा है. उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान में खामेनेई को अंतिम विदाई देने के लिए लाखों लोगों के जुटने की उम्मीद है.
माउंट रशमोर से ट्रंप का तंज
अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता वर्ष समारोह के तहत साउथ डकोटा के माउंट रशमोर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने हालिया अमेरिका-ईरान संघर्ष का जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘हमने ईरान को पूरी तरह झकझोर दिया. अब वे समझौता करने के लिए बेताब हैं. हमने उन्हें अंतिम संस्कार के लिए एक हफ्ते की छुट्टी दी क्योंकि हम अच्छे हैं.’
ईरान में शुरू हुआ सप्ताहभर का अंतिम संस्कार
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान में अयातुल्ला अली खामेनेई के सम्मान में सप्ताहभर चलने वाले राजकीय अंतिम संस्कार की शुरुआत हो चुकी है. ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, अंतिम यात्रा और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में दर्दनाक हादसा, बस के खाई में गिरने से 40 यात्रियों की मौत, कई घायल
28 फरवरी को हुई थी मौत
ईरान के अनुसार, 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हवाई हमले के दौरान खामेनेई की मौत हो गई थी. इस हमले में उनके परिवार के कई सदस्य भी मारे गए थे, जिनमें उनकी बेटी, दामाद, नवासी और बहू शामिल थे.
युद्ध के कारण टला था अंतिम संस्कार
इस्लामी परंपरा के अनुसार किसी व्यक्ति को 24 घंटे के भीतर दफनाया जाता है, लेकिन युद्ध और सुरक्षा कारणों से खामेनेई का अंतिम संस्कार टाल दिया गया था. पिछले महीने संघर्षविराम लागू होने के बाद ईरानी प्रशासन ने अंतिम संस्कार का कार्यक्रम तय किया.





