रूस की कौन कर रहा मदद? जेलेंस्की का खुलासा, बोले- ‘दर्जनों मिसाइलें पहुंचा रहा’

रूस की कौन कर रहा मदद? जेलेंस्की का खुलासा, बोले- ‘दर्जनों मिसाइलें पहुंचा रहा’


यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने चेतावनी दी कि रूसी सेना एक बड़े हवाई हमले की तैयारी कर रही है. इसके लिए नॉर्थ कोरिया रूस को बैलिस्टिक मिसाइलें मुहैया करा रहा है. ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन के मुख्य खुफिया निदेशालय (HUR) की एक रिपोर्ट से पता चला है कि मॉस्को बैलिस्टिक मिसाइलों और क्रूज मिसाइलों का प्रोडक्शन लगातार बढ़ा रहा है.

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने एक्स पर लिखा कि दुर्भाग्य से रूस को उत्तर कोरिया से हर महीने दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलें मिल रही हैं. यह सिर्फ यूक्रेन के लिए ही नहीं, बल्कि यूरोप के लिए भी एक बहुत बड़ा खतरा है. उत्तर कोरिया इस युद्ध में अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल करके उन्हें और बेहतर बना रहा है. इससे कोरिया के आसपास के पूरे क्षेत्र के लिए नई चुनौतियां पैदा हो रही हैं. यह यूरोप में हमारे लिए भी एक चुनौती है. अगर रूस के पास कोई ऐसा सहयोगी है, जो उसे बैलिस्टिक मिसाइलें दे रहा है तो यूक्रेन को भी बराबरी की क्षमता की जरूरत है, ताकि हम रूस के खतरे का उसी स्तर पर जवाब दे सकें.

 वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की की यूरोप से अपील

वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूरोप के पास ऐसी मिसाइलें हैं, जो प्रभावी हमला कर सकती हैं. जर्मनी, फ्रांस, यूनाइटेड किंगडम और इटली के साथ हम चर्चा कर रहे हैं. हमें रूस की गुंडागर्दी का मुकाबला करने के लिए उसी तरह के हथियारों की बड़ी खेप मिलनी चाहिए, जैसी रूस को नॉर्थ कोरिया से मिल रही है.

हमें रूस को उसी के अंदाज में जवाब देना होगा. हमें रूस के बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चरों को तबाह करने पर भी फिर से चर्चा करनी होगी. पश्चिमी देशों के पास ऐसा करने की तकनीक मौजूद है. रूस को जल्द शांति की राह पर लाने और सुरक्षा को और अधिक पक्का करने के लिए, हमें यूक्रेन में इन तकनीकों की जरूरत है.”

 



Source link