Fruit Farming Tips: अगर आप भी फलों की खेती करके अच्छी कमाई करना चाहते हैं तो पेड़ों की सही समय पर छंटाई करना बहुत जरूरी है. कई बार किसान सिर्फ खाद-पानी और दवाई पर ध्यान देते हैं, लेकिन छंटाई को नजरअंदाज कर देते हैं, जिसकी वजह से पेड़ों में फल कम लगते हैं. दरअसल, पेड़ों की टूटी, सूखी और आपस में उलझी हुई शाखाओं को समय पर काटने से पेड़ स्वस्थ रहते हैं और उनमें नई व मजबूत टहनियां निकलती हैं.
यही नई टहनियां आगे चलकर ज्यादा फूल और फल देती हैं. इसके अलावा छंटाई करने से पेड़ के अंदर धूप और हवा भी अच्छी तरह पहुंचाती हैं, जिससे कीड़े-मकोड़े और बीमारियों का खतरा भी कम हो जाता है. खासकर सेब, बेर और अमरूद जैसे पेड़, जिनका फल सर्दियों के मौसम में आता है, उनके लिए यह समय छंटाई के लिहाज से काफी अहम माना जाता है.
छंटाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान
पेड़ों की छंटाई करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए, ताकि पेड़ को कोई नुकसान न पहुंचे. सबसे पहले हमेशा तेज धार वाले औजार का इस्तेमाल करें, ताकि शाखा एक ही बार में सही तरीके से कट जाए और वह टूटे या फटे नहीं. इसके अलावा जो दो शाखाएं आपस में एक-दूसरे से रगड़ खा रही हों, उन्हें भी अलग करना जरूरी है, क्योंकि इससे पेड़ को कमजोर करने वाली जगह बन जाती है. शाखा काटने के बाद उस जगह पर फफूंदनाशी या गोबर-मिट्टी का हल्का लेप जरूर लगाएं, ताकि वहां से किसी तरह का रोग पेड़ के अंदर न घुस सके. ध्यान रहे कि एक बार में पेड़ की जरूरत से ज्यादा शाखाएं न काटें, वरना पेड़ को ठीक होने में समय लग सकता है.
यह भी पढ़ेंः Rice Farming: धान की खेती में ये गलती पड़ सकती है भारी, एक्सपर्ट ने दी चेतावनी
सही छंटाई से मिलेगा सर्दियों में ज्यादा फल
जब पेड़ों की छंटाई सही समय पर और सही तरीके से की जाती है, तो इसका सीधा असर सर्दियों में मिलने वाले फल की मात्रा और क्वालिटी पर पड़ता है. छंटाई के बाद पेड़ में नई और मजबूत शाखाएं तेजी से निकलती हैं, और यही शाखाएं आगे चलकर ज्यादा फूल और फल देने का काम करती हैं. इसके साथ ही पेड़ की उम्र भी बढ़ जाती है और वह सालों-साल अच्छी पैदावार देता रहता है. कई किसान जो हर साल समय पर अपने बागों की छंटाई करते हैं, वे बताते हैं कि उनके पेड़ों में फल का आकार भी बड़ा होता है और बाजार में उन्हें अच्छा दाम भी मिलता है.
यह भी पढ़ेंः Low cost farming: ये हैं कम लागत वाली 10 फसलें, जो बदल सकती हैं किसानों की जिंदगी






