कैबिनेट सचिव, केन्द्रीय गृह सचिव के कार्यकाल में सालभर का किया गया विस्तार

कैबिनेट सचिव, केन्द्रीय गृह सचिव के कार्यकाल में सालभर का किया गया विस्तार


केंद्र सरकार ने कैबिनेट सचिव टीवी सोमनाथन और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन के कार्यकाल में एक साल का विस्तार कर दिया है. इस संबंध में सरकार की ओर से आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है. सरकार के फैसले के बाद दोनों वरिष्ठ अधिकारी अगले एक साल तक अपने-अपने पद पर बने रहेंगे. नए आदेश के अनुसार, कैबिनेट सचिव टीवी सोमनाथन अब 30 अगस्त 2027 तक अपने पद पर काम करते रहेंगे.

केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन का कार्यकाल भी एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है. अब वह 22 अगस्त 2027 तक गृह सचिव के पद पर बने रहेंगे. केंद्र सरकार की ओर से जारी आदेश के बाद दोनों अधिकारियों का कार्यकाल औपचारिक रूप से बढ़ा दिया गया है और वे अगले वर्ष तक अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे.

ये भी पढ़ें: मार्क जुकरबर्ग ने डीपफेक कंटेंट पर मानी गलती, सरकार से मांगी माफी

कौन है टी. वी. सोमनाथन?

टी. वी. सोमनाथन भारत के सबसे वरिष्ठ नौकरशाहों में से एक हैं. वह वर्तमान में भारत के कैबिनेट सचिव हैं, जो केंद्र सरकार की नौकरशाही का सर्वोच्च पद माना जाता है. उन्होंने 30 अगस्त 2024 को यह पद संभाला था.  उनका पूरा नाम थिरुवल्लुवर वासुदेवन सोमनाथन है. उनका जन्म 10 मई 1965 को तमिलनाडु में हुआ था. वे 1987 बैच के तमिलनाडु कैडर के IAS अधिकारी हैं और UPSC सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 2 हासिल की थी.

कौन है  गृह सचिव गोविंद मोहन?

केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी हैं. उन्होंने अगस्त 2024 में देश के केंद्रीय गृह सचिव का पद संभाला था. इस पद पर उन्होंने अजय कुमार भल्ला की जगह ली थी. गृह सचिव बनने से पहले वह संस्कृति मंत्रालय में सचिव के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे. गोविंद मोहन ने अपनी पढ़ाई के दौरान इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) अहमदाबाद से मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया. उन्होंने यह कोर्स जुलाई 1986 से मार्च 1988 के बीच पूरा किया. इसके बाद उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), वाराणसी से भी उच्च शिक्षा हासिल की है.

अपने लंबे प्रशासनिक करियर में गोविंद मोहन ने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं. उन्होंने वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग में भी लंबे समय तक काम किया है. इसके अलावा वह सिक्किम कैडर के अधिकारी रहे हैं और प्रधान रेजिडेंट कमिश्नर के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.

कैबिनेट सचिव का काम क्या होता है?

कैबिनेट सचिव भारत सरकार के सबसे वरिष्ठ सिविल सेवक होते हैं. उनका काम अलग-अलग मंत्रालयों के बीच तालमेल बनाए रखना, केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसलों के क्रियान्वयन की निगरानी करना और प्रधानमंत्री समेत मंत्रिमंडल को प्रशासनिक मामलों में सलाह देना होता है.

ये भी पढ़ें: बंगाल में BJP का एक्शन, 22 कार्यकर्ता सस्पेंड, उगाही के आरोप में हुई कार्रवाई





Source link