BRICS मेहमानों की थाली तक पहुंचने वाले खाने पर FSSAI की पैनी नजर

BRICS मेहमानों की थाली तक पहुंचने वाले खाने पर FSSAI की पैनी नजर


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • FSSAI ने कमियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

12 और 13 सितंबर को दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाले 18वें BRICS समिट से पहले खाने की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में है. विदेशी मेहमानों की प्लेट तक खाना पहुंचने से पहले उसकी पूरी कहानी जांची जा रही है. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी FSSAI ने देश के बड़े 5-स्टार होटलों को साफ हिदायत दी है कि खाने की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

सूत्रों के मुताबिक FSSAI ने इन होटलों के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक की जिसमें जीरो टॉलरेंस का संदेश दिया गया. यह बैठक सिर्फ औपचारिक नहीं थी. इसमें होटलों के मौजूदा नियम-पालन, साफ-सफाई के पैमाने, रसोई में अपनाए जा रहे सुरक्षा तरीकों और खाने की कुल गुणवत्ता की समीक्षा की गई. 

होटलों की तरफ से कहा गया कि वे नियमों का पूरा पालन कर रहे हैं और उनकी अपनी व्यवस्था लगातार बेहतर हो रही है लेकिन FSSAI ने साफ कर दिया कि जांच में जो भी कमी मिलेगी उस पर सीधी कार्रवाई होगी.

रैंडम इंस्पेक्शन बढ़ाए गए

समिट नजदीक आते ही FSSAI ने 5-स्टार होटलों में अचानक की जाने वाली जांच काफी बढ़ा दी है. बिना पहले से बताए टीमें रसोई में पहुंच रही हैं और वहां साफ-सफाई, कीट नियंत्रण यानी पेस्ट कंट्रोल, कच्चे माल की स्टोरेज और सबसे अहम एक्सपायर हो चुके सामान की जांच कर रही हैं.

बीते हफ्ते एरोसिटी के दो होटलों में क्या मिला

यह सख्ती अचानक नहीं आई है. कुछ दिन पहले ही FSSAI की टीम ने दिल्ली के एरोसिटी इलाके के दो बड़े होटलों जेडब्ल्यू मैरियट और होटल अंदाज की रसोई की जांच की थी. रिपोर्ट के मुताबिक वहां बदबू, कॉकरोच और मक्खियों जैसी शिकायतें दर्ज की गईं.

जांच में कुछ ब्रेड के पैकेट ऐसे मिले जिन पर एक्सपायरी के स्टिकर लगे थे. कन्फेक्शनरी सेक्शन में करीब 87 किलो एक्सपायर हो चुकी मिठाइयां मिलीं जिन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. पेस्ट्री सेक्शन में एक्सपायर केक बेस के साथ-साथ मक्खियां और कॉकरोच भी पाए गए. यह जांच करीब दो दिन चली और इस दौरान कुल 59 कमियां दर्ज की गईं.

समिट में कौन-कौन आ रहा है?

विदेश मंत्रालय के मुताबिक 18वां BRICS समिट 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में होगा. इसमें BRICS के सदस्य देशों, पार्टनर देशों और आउटरीच के तौर पर बुलाए गए देशों के नेता शामिल होंगे. भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और यह चौथी बार है जब भारत को यह जिम्मेदारी मिली है.

इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में भारत अध्यक्ष रह चुका है. इस साल भारत की अध्यक्षता की थीम है रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन और सस्टेनेबिलिटी के लिए निर्माण.

जन्माष्टमी पर शेयर बाजार खुलेगा या बंद रहेगा? ट्रेडिंग पर आया बड़ा अपडेट

क्यों अहम है यह सख्ती

जब इतने बड़े स्तर पर विदेशी नेता, अधिकारी और कारोबारी प्रतिनिधि दिल्ली आते हैं तो होटल सिर्फ ठहरने की जगह नहीं रह जाते. वे पूरे आयोजन की मेहमाननवाजी का हिस्सा बन जाते हैं.

ऐसे में खाने से जुड़ी एक छोटी सी चूक भी बड़ी बात बन सकती है. यही वजह है कि FSSAI का संदेश सीधा है कि होटल की 5-स्टार पहचान का मतलब यह नहीं कि खाने की सुरक्षा अपने आप 5-स्टार मान ली जाए.

समिट तक FSSAI की टीमें दिल्ली और आसपास के बड़े होटलों में जांच जारी रखेंगी. जिन होटलों में कमियां मिली हैं उनसे जवाब मांगा गया है और नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जा सकती है.

मेहनत का बंपर इनाम, ये दिग्गज कंपनी कर्मचारियों पर लुटाएगी 948 करोड़ रुपए



Source link