हार की राह पर खड़े बेंजामिन बोले- चुनाव चोरी हुए, पुलिस-इलेक्शन कमिटी का आरोपों से इनकार

हार की राह पर खड़े बेंजामिन बोले- चुनाव चोरी हुए, पुलिस-इलेक्शन कमिटी का आरोपों से इनकार


सत्ता की ताकत से दूर होते बेंजामिन नेतन्याहू लगातार चुनाव चोरी का आरोप मढ़ रहे हैं. त्रिशंकु सरकार की आहट और अरब पार्टी का किंगमेकर के रोल में आने के बीच इजरायल के वर्तमान पीएम नेतन्याहू ने बयान जारी किया है. उन्होंने लिकुड पार्टी के नाम से संदेश जारी करते हुए कहा कि राअमगेट मामला एक भूकंप की तरह है. इजरायल में चुनाव चुरा लिए गए हैं.

उन्होंने जस्टिस सोलबर्ग के बयान का हवाला देते हुए कहा कि विदेशी ताकतों ने हस्तक्षेप किया. अरब पार्टियों के पक्ष में वोटरों को रिश्वत दी. यह एक ऐसा चौंकाने वाला खुलासा है. ऐसा पहले कभी नहीं देखा गया. इधर, गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री के इन आरोपों पर इजरायली पुलिस और सेंट्रल इलेक्शन कमिटी का कहना है कि चुनाव में धांधली का कोई सबूत नहीं है. 

नेतन्याहू ने कहा, ‘यह लोकतंत्र पर हमला है. इसका मकसद नेसेट पर विदेशी ताकतों का कब्जा करना है. इजराल का इस्लामीकरण करना और दक्षिणपंथी शासन को उखाड़ फेंकना.’ नेसेट इजराल की संसद को बोलते हैं. 

बेंजामिन ने अपने बयान में आगे कहा कि आईडीएफ यानी इजरायल की सेना को हर मोर्चे पर पीछे हटने और हार का सामना करना पड़ सकता है. खासकर ईरान के मामले में. 

बेंजामिन का आरोप: ये पैसा देकर वोट खरीदते हैं

उन्होंने कहा कि जब यह सामने आ गया है कि विदेशी ताकतों ने नेसेट पर कब्जा करने की कोशिश की है, तो यह साफ है कि किसी भी जायोनी पार्टी राअम और जॉइंट लिस्ट के साथ सहयोग नहीं करना चाहिए. ये लोग पैसे देकर वोट खरीदते हैं. नेसेट स्पीकर को बदल देते हैं. ऐसी सरकार बनाते हैं, जो इजरायल के लिए खतरनाक है. हम मांग करते हैं कि इन अपराधों की जांच के लिए शिन बेट और पुलिस तुरंत कार्रवाई करे. अपने पास मौजूद सभी साधनों का इस्तेमाल करें. 

अरेस्ट हों अरब पार्टी के नेता: बेन गवीर

इधर, इजरायल के कट्टर दक्षिणपंथी नेशनल सिक्योरिटी मिनिस्टर इतामार बेन गवीर ने अरब पार्टियों के नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की है. उन्होोंने कहा कि इजरायल की घरेलू सुरक्षा एजेंसी शिन बेट को आज सुबह ही उन अरब दल के नेताओं की गिरफ्तारी का आदेश देना चाहिए, जिन पर कतरी फंड से जुड़े होने का संदेह है. हालांकि, शिन बेट की तरफ से किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी गई है. 



Source link