DMK का TVK विधायक के खिलाफ शिकायत, महिला अधिकारी को अश्लील मैसेज भेजने का आरोप

DMK का TVK विधायक के खिलाफ शिकायत, महिला अधिकारी को अश्लील मैसेज भेजने का आरोप


तमिलनाडु में मुख्य विपक्षी पार्टी DMK ने सोमवार (9 नवंबर, 2026) को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सत्तारूढ़ पार्टी TVK के एक विधायक अरुल विग्नेश के खिलाफ कल्लाकुरिची जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) से शिकायत की है. डीएमके ने TVK विधायक अरुल विग्नेश के खिलाफ जिला कलेक्टर को अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगाया है. इसके साथ ही, विपक्षी पार्टी ने एसपी से जिला कलेक्टर और दूसरी महिला अधिकारियों के लिए सुरक्षा की भी मांग की है.

DMK विधायक वसंतम कार्तिकेयन के नेतृत्व में पार्टी के 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक शहनाज से मुलाकात की और मामले में सही से जांच और कड़ी कार्रवाई करने की मांग के साथ महिला अधिकारियों के लिए अतिरिक्त सुरक्षा की भी मांग की.

महिला कलेक्टर सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहीं, यह शर्मनाक बात- कार्तिकेयन

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, कल्लाकुरिची एसपी से मुलाकात और शिकायत दर्ज कराने के बाद DMK विधायक ने वसंतम कार्तिकेयन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि एक महिला जिला कलेक्टर, जो नए बने कल्लाकुरिची जिले की सबसे बड़ी प्रशासनिक अधिकारी हैं, भी सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहीं हैं. 

उन्होंने कहा, ‘हमने व्यक्तिगत रूप से कल्लाकुरिची पुलिस अधीक्षक (SP) से मिलकर उन्हें आवेदन दिया है, जिसमें इस बात की जांच करने की मांग की गई है कि क्या महिला अधिकारी को सच में अश्लील मैसेज भेजे गए थे. अगर ये आरोप सही पाए जाते हैं, तो इस आरोप के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.’

CBCID या CBI को मामले की जांच सौंपने की मांग

वसंतम कार्तिकेयन ने कहा, ‘क्योंकि इस मामले को लेकर आरोप में सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक का नाम शामिल है, ऐसे में इस मामले की निष्पक्ष जांच करने में मुश्किलें आ सकती हैं.’ उन्होंने कल्लाकुरिची एसपी से मांग की कि मामले में केस दर्ज किया जाए और इसकी निष्पक्ष जांच के लिए क्राइम ब्रांच-क्रिमिनल इंवेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CBCID) या केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को ट्रांसफर किया जाए.

यह भी पढ़ेंः नंदीग्राम की हिंसा पर फिर होगी जांच, शुभेंदु अधिकारी ने खोली लेफ्ट के दौर की काली फाइल



Source link