- बेटी जन्म के बाद युद्धवीर ने 1.5 करोड़ लॉटरी जीती.
- परिवार ने बेटी को सौभाग्य का प्रतीक माना.
- अस्पताल जाते समय युद्धवीर ने लॉटरी टिकट खरीदा.
- लॉटरी जीतने पर बेटी का नाम युद्धवीर ने ‘बरकत’ रखा.
कहते हैं बेटियां घर की लक्ष्मी होती हैं और हाल ही में हुई इस घटना से ये बात एक बार फिर से साबित हो गई . मामला पंजाब का है. यहां के रहने वाले 24 साल के युद्धवीर सिंह पेशे से बढ़ई हैं. उन्हें इसी बीच बेटी पैदा हुई है, जबकि इस दौरान कई रिश्तेदारों का कहना था कि ‘हमें तो बेटा चाहिए था.’ लेकिन इसी बच्ची ने अपने पूरा परिवार का हाल बदलकर रख दिया और सबकी बोलती बंद कर दी.
दरअसल, बच्ची के जन्म लेने के 24 घंटे के भीतर युद्धवीर सिंह ने 1.5 करोड़ रुपये की लॉटरी जीती. अब सभी ये मानने लगे हैं कि उनकी बेटी अपने साथ घर में सौभाग्य लेकर आई है. ‘द ट्रिब्यून’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब के मानसा जिले के बरेटा कस्बे में रहने वाले युद्धवीर ने ‘पंजाब स्टेट डियर 200 मंथली लॉटरी’ में पहला इनाम जीता है. 6 नवंबर को उनकी बेटी पैदा हुई और 7 नवंबर को विजेताओं का ऐलान किया गया. बेटी पैदा होते ही पिता की किस्मत पलट गई, तो युद्धवीर ने अपनी बेटी का नाम ‘बरकत’ रखा.
अस्पताल जाते वक्त खरीदा था टिकट
4 नवंबर को युद्धवीर मानसा के एक अस्पताल में अपनी गर्भवती पत्नी हरमन को मेडिकल जांच के लिए ले गए थे. जाते समय उन्होंने बुढलाडा के एक लॉटरी स्टॉल से टिकट खरीदा था. उन्होंने पहले से कुछ ऐसा सोचकर भी नहीं रखा था कि उन्हें लॉटरी का टिकट लेना है. अस्पताल जाने के रास्ते मोबाइल फोन नंबर को पोर्ट कराने के दौरान उन्हें स्टॉल पर रूकना पड़ा, तो उन्होंने स्टेट लॉटरी में अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया. हालांकि, उन्हें इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि यही टिकट आगे चलकर उन्हें 1.5 करोड़ रुपये का इनाम दिलाएगा.
‘बरकत’ रखा बेटी का नाम
युद्धवीर के लॉटरी खरीदने के फैसले से उनकी पत्नी खुश नहीं थी क्योंकि परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी का सामना कर रहा था. एक-एक पैसा जोड़कर अस्पताल-दवाई का खर्च उठाना पड़ रहा था. अब जब बेटी के पैदा ही युद्धवीर के हाथ 1.5 करोड़ रुपये की लॉटरी लगी, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. उन्होंने अपनी किस्मत बदलने का श्रेय अपनी बेटी को दिया. युद्धवीर कहते हैं, “मैंने उसका नाम ‘बरकत’ रखा है. वह हमारे घर में सौभाग्य लेकर आई है. ऐसे में हम उसका कोई और नाम कैसे रख सकते थे.”
ये भी पढ़ें:
सोने की खरीदारी पर बड़ा फैसला: 6 नए जिलों में हॉलमार्किंग नियम लागू, देखें लिस्ट






