जम्मू कश्मीर में आतंकी हमलों पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. मुर्शिदाबाद में अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि कुछ दिन पहले देश के प्रधानमंत्री ये दावा कर रहे थे कि हमारे यहां देखें सीआरपीएफ पर हमला और उनकी मौत की कोई खबर नहीं मिलती है. मोदी सरकार की यही कामयाबी है. खबर आ रही है कि कुलगाम हमला हुआ है.
उन्होंने कहा, ”इसका मतलब है कि जिस घाटी में हमला बंद करने के लिए बड़े पैमाने पर दावे पेश किए जाते हैं, वहां आज भी खतरा क्यों मंडरा रहा है है? यह देश की सरकार को सोचना पड़ेगा.”
कुलगाम में 11 नवंबर को हुए हमले में ड्यूटी पर तैनात 3 सीआरपीएफ के जवान घायल हो गए थे. वहीं, इस हमले के ठीक बाद किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों के शव बरामद हुए हैं. ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां इन्हें आतंकी हमला मानकर और इसमें संदिग्ध लश्कर ए तैयबा (एलईटी) कनेक्शन को देखते हुए सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.
CRPF चौकी को बनाया निशाना
जम्मू कश्मीर के कुलगाम में 11 नवंबर 2026 को आतंकियों ने सीआरपीएफ की चौकी निशाना बनाया है. इसमें तीन जवान घायल गए. घटना बुधवार दोपहर 2.15 के आसपास की बताई गई है. इलाका मीर बाजार और अखरान का है. इसी दिन जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का जिले में एक कार्यक्रम था. घटना को कुछ अज्ञात हमलावरों ने अंजाम दिया है. यहां नाका ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन के जवानों पर बेहद करीब से अंधाधुन फायरिंग की गई. इसका सीसीटीवी भी सामने आया. यहां आतंकियों ने महज 15 सेकंड के भीतर 30 राउंड गोलियां चलाई. इसके बाद मौके से फरार हो गए.
दो पुलिस जवानों को किडनैप कर मौत के घाट उतारा
किश्तवाड़ की घटना पर अधिकारियों ने कहा है कि उनके शवों पर गोली के निशान थे. पुलिसकर्मियों के सर्विस हथियार नहीं मिले हैं. इससे इस घटना में आतंकवादियों के शामिल होने का शक और गहरा गया गया है. मृतक अधिकारियों में बॉबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) हैं.
घटना तब हुई ये दोनों दच्चन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप में तैनात थे. वे बुधवार को अपने कैंप से धरना मरवाह स्थित सेना की एक चौकी की ओर लौट रहे थे. वे अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके. इसके बाद से ही उनको लेकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था. गुरुवार सुबह दोनों का शव बरामद हुआ है.
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने क्या कहा?
हमले के बाद से कांग्रेस लगातार सियासी निशाना साध रही है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि कुलगाम के मीर बाजार में हुए आतंकी हमले की खबर में सीआरपीएफ जवान घायल हो गए. यह बेहद परेशान करने वाली है. हम उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं. उम्मीद करते हैं कि आतंकवाद और हिंसा का यह खतरा हमारे देश से हमेशा के लिए खत्म हो जाए. लेकिन एक अहम सवाल यह है कि गृह मंत्री का इस पर क्या कहना है? 2019 में उन्होंने दावा किया था कि आर्टिकल 370 हटाने से आतंकवाद का पूरी तरह से खात्मा हो जाएगा. पीएम ने भी उनके दावे का समर्थन किया था.






