‘इंजी वेल्लम’ की रिलीज डेट का ऐलान, पहली बार पर्दे पर साथ दिखेंगे विजय सेतुपति और साई पल्लवी

‘इंजी वेल्लम’ की रिलीज डेट का ऐलान, पहली बार पर्दे पर साथ दिखेंगे विजय सेतुपति और साई पल्लवी


साउथ सिनेमा के मशहूर निर्देशक मणिरत्नम एक बार फिर पर्दे पर रोमांस की कहानी लेकर आ रहे हैं. उनकी अगली तमिल फिल्म का टाइटल ‘इंजी वेल्लम’ है. इस फिल्म में पहली बार विजय सेतुपति और साई पल्लवी की जोड़ी देखने को मिलेगी.

फिल्म से जुड़ा एक बड़ा अपेडेट सामने आया है. मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है. रिलीज डेट की अनाउंसमेंट के बाद से फैंस काफी एक्साइटेड हैं. 

इस दिन सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

मेकर्स ने फिल्म का एक मोशन पोस्टर शेयर करते हुए इसकी रिलीज डेट बताई है. ‘इंजी वेल्लम’ अगले साल यानी 2027 में 29 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. फिल्म के नाम की बात करें तो ‘इंजी वेल्लम’ का मतलब अदरक और गुड़ होता है. इसे अक्सर ऐसे रिश्ते के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें मिठास के साथ थोड़ा तीखापन भी हो. फिल्म के नाम से ही अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसमें दो अलग-अलग स्वभाव वाले लोगों की प्रेम कहानी देखने को मिल सकती है.

शादीशुदा जोड़े के किरदार में दिखेंगे विजय और साई?

फिल्म की कहानी को लेकर मेकर्स ने अभी ज्यादा जानकारी नहीं दी है. हालांकि, रिलीज डेट के साथ सामने आए मोशन पोस्टर में विजय सेतुपति और साई पल्लवी एक साथ नजर आ रहे हैं. पोस्टर में दोनों के साथ जुड़वां बच्चियां भी दिखाई दे रही हैं.

इसे देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म में दोनों पति-पत्नी का किरदार निभा रहे हैं. हालांकि, उनके किरदारों और कहानी को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

कोलकाता में हुई है फिल्म की शूटिंग

‘इंजी वेल्लम’ का एक बड़ा हिस्सा कोलकाता में शूट किया गया है. पिछले साल जुलाई में विजय सेतुपति और साई पल्लवी की हावड़ा ब्रिज पर शूटिंग करते हुए कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर सामने आई थीं.

इन तस्वीरों में विजय क्लीन शेव लुक में नजर आए थे, जबकि साई ब्राउन कलर की ड्रेस में दिखाई दी थीं. कुछ तस्वीरों में निर्देशक मणिरत्नम भी कलाकारों को सीन समझाते नजर आ रहे थे. तस्वीरों को देखकर ऐसा लग रहा था कि वहां किसी गाने की शूटिंग चल रही है.

एआर रहमान ने तैयार किया है फिल्म का संगीत

फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी एआर रहमान ने संभाली है. मणिरत्नम और एआर रहमान की जोड़ी पहले भी कई फिल्मों में यादगार म्यूजिक दे चुकी है. दोनों ने ‘रोजा’, ‘बॉम्बे’, ‘दिल से’, ‘गुरु’ और ‘ओ कधल कनमणि’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है.

बता दें कि मणिरत्नम की पिछली फिल्म ‘ठग लाइफ’ साल 2025 में रिलीज हुई थी. वहीं, साई पल्लवी इन दिनों ‘रामायण पार्ट 1’ में माता सीता का किरदार निभाने को लेकर चर्चा में हैं. उनकी अगली तमिल फिल्म ‘ओम’ भी है, जिसमें वह धनुष, ममूटी और श्रीलीला के साथ नजर आएंगी. यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.



Source link