Nilgai Crop Protection: रबी सीजन में गेहूं की बुवाई करने वाले किसानों के सामने फसल की सुरक्षा की चिंता भी खड़ी हो जाती है. खासकर उन किसानों के लिए परेशानी ज्यादा होती है, जिनके खेतों में नीलगाय के झुंड घुस आते हैं. नीलगाय खेत में घुसकर सिर्फ पौधों को नहीं खाती हैं, बल्कि उन्हें पैरों से रौंदकर बर्बाद भी कर देती हैं. इस वजह से कई बार किसानों की महीनों की मेहनत कुछ ही घंटों में खराब हो जाती है.
ऐसे में फसल को बचाने के लिए किसान कई तरह के उपाय करते हैं. लेकिन हर किसान महंगी तारबंदी नहीं करवा सकते हैं. ऐसे में आप खेत की मेढ़ पर एक ऱास फसल उगाकर अपनी गेहूं की फसल को नीलगाय से बचाने सकते हैं.
नीलगाय से गेहूं की फसल को होता है नुकसान
नीलगाय का झुंड खेत में घुस जाए तो फसल को काफी नुकसान पहुंच सकता है. ये जानवर गेहूं के साथ-साथ अरहर और दूसरी फसलों को भी प्रभावित करते हैं. खासकर रात के समय खेतों में इनका आना किसानों की परेशानी बढ़ा देता है. कई किसानों को फसल बचाने के लिए रातभर खेतों की रखवाली करनी पड़ती है. इससे समय और मेहनत दोनों खर्च होते हैं. वहीं, खेत के चारों ओर तारबंदी कराने में भी अच्छी-खासी रकम लग जाती है.
खेत की मेढ़ पर लगाएं सूरजमुखी
नीलगाय से फसल बचाने के लिए किसान गेहूं के खेत की मेढ़ यानी चारों तरफ के किनारों पर सूरजमुखी लगा सकते हैं. इस तरीके में खेत के चारों ओर सूरजमुखी के पौधे एक तरह से घेरा बना देते हैं. सूरजमुखी के पौधों से निकलने वाली गंध नीलगाय को पसंद नहीं आती. इसकी वजह से वे ऐसे खेतों में आने से बच सकती हैं.
इस उपाय को अपनाने के लिए किसानों को गेहूं की बुवाई के साथ ही खेत की मेढ़ पर सूरजमुखी लगाने की योजना बनानी चाहिए. हालांकि, खेत की स्थिति और नीलगाय की आवाजाही के हिसाब से इसका असर अलग-अलग हो सकता है. इसलिए इसे पूरी तरह पक्का बचाव मानने के बजाय एक सहायक उपाय के तौर पर अपनाना बेहतर होगा.
यह भी पढ़ें: फसल के लिए कितना खतरनाक है प्रदूषण? NCR के किसान भाई संभल जाएं
फसल की सुरक्षा के साथ कमाई का भी मौका
मेढ़ पर सूरजमुखी लगाने का एक फायदा यह भी है कि किसान इससे अतिरिक्त कमाई की संभावना बना सकते हैं. सूरजमुखी की फसल तैयार होने पर उसके बीजों को बेचकर कुछ आमदनी मिल सकती है. इससे खेत की मेढ़ का इस्तेमाल भी हो जाता है और किसानों को एक अतिरिक्त फसल मिल जाती है.
यह भी पढ़ें: गेहूं की फसल में कब कब करें पहली सिंचाई? जानें सही तरीका






