हिंद महासागर की सुरक्षा पर भारत की नजर, फिलीपींस जाएंगे PM मोदी, ASEAN समिट में लेंगे हिस्सा

हिंद महासागर की सुरक्षा पर भारत की नजर, फिलीपींस जाएंगे PM मोदी, ASEAN समिट में लेंगे हिस्सा


विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते फिलीपींस का दौरा करेंगे, जहां वह 23वें ‘एसोसिएशन ऑफ साउथईस्ट एशियन नेशंस’ (आसियान)-भारत शिखर सम्मेलन और आसियान के नेतृत्व वाले ‘ईस्ट एशिया समिट’ (पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन) की 21वीं बैठक में हिस्सा लेंगे. विदेश मंत्रालय में सचिव (ईस्ट) रुद्रेंद्र टंडन ने गुरुवार को बताया कि यह दौरा 16 से 18 नवंबर तक होगा. उन्होंने कहा, ‘आसियान के सभी 11 सदस्य देशों के साथ हमारे द्विपक्षीय संबंध हैं. आसियान क्षेत्रीय मंच के साथ जुड़ाव को हम अपनी ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के एक अहम हिस्से या आधार के रूप में देखते हैं.

मनीला में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर द्वारा मेहमानों के लिए आयोजित रात्रिभोज शामिल होगा. इसके अगले दिन आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन होंगे और इस दौरान अन्य नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी. उन्होंने कहा, ‘भारतीय समुदाय की ओर से भी प्रधानमंत्री से मिलने की काफी मांग है, इसलिए हम उनके कार्यक्रम में इसे भी शामिल करने की कोशिश कर रहे हैं. रुद्रेंद्र टंडन ने बताया कि आसियान भारत के लिए एक प्रमुख व्यापारिक भागीदार के रूप में उभरा है और इस पूरे क्षेत्र के साथ भारत का व्यापार लगभग 122 अरब डॉलर का है.

हिंद महासागर की सुरक्षा पर भारत की नजर

उन्होंने कहा, ‘हिंद महासागर और दक्षिण-पूर्व एशिया के महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र के करीब होने के नाते भारत का मानना है कि आसियान के सभी सदस्य देशों के साथ सामूहिक रूप से या व्यक्तिगत तौर पर मजबूत रणनीतिक संबंध बनाना हम दोनों के हित में है.’ उन्होंने कहा कि इस तरह के संबंध दोनों पक्षों को तेजी से बदलते भू-राजनीतिक हालात का सामना करने के लिए अधिक सक्षम बनाएंगे और पूरे एशिया में शांति और स्थिरता लाने में योगदान देंगे.

पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन को आसियान के नेतृत्व वाला एक अनूठा समूह बताते हुए टंडन ने कहा कि इसमें आसियान और अन्य देशों के नेता एक अनौपचारिक माहौल में वैश्विक सुरक्षा और साझा चिंताओं के मुद्दों पर चर्चा करते हैं. उन्होंने कहा, ‘इस साल पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन की प्रक्रिया का नेतृत्व आसियान अध्यक्ष यानी फिलीपींस कर रहा है, इसीलिए इसका आयोजन मनीला में हो रहा है. यह इस बात का एक बेहतरीन उदाहरण है कि आसियान की सामूहिक कूटनीति कितनी सफल रही है.’

विदेश मंत्रालय के सचिव ने आगे बताया कि इस साल के आसियान शिखर सम्मेलन और इससे जुड़ी प्रक्रियाओं की थीम ‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ (भविष्य की दिशा तय करना) है. इसमें नेता अपने आसपास हो रहे बदलावों का सामना करने के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे.



Source link