क्वाड में दिखा PM मोदी का ‘राष्ट्रप्रेम’, तिरंगे वाला मार्कर उठाकर जेब में रखा, वीडियो वायरल

क्वाड में दिखा PM मोदी का ‘राष्ट्रप्रेम’, तिरंगे वाला मार्कर उठाकर जेब में रखा, वीडियो वायरल


मनीला में मंगलवार को आयोजित क्वाड नेताओं की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्‍ट्रीय ध्‍वज के प्रति अपना सम्मान दिखाया. ‘क्वाड’ नेताओं की फोटो-ऑप के दौरान उन्होंने फर्श से उस मार्कर को उठाया, जिस पर भारतीय तिरंगा बना था. यह पल देश के गौरव से जुड़ा हुआ था. क्वाड देशों के नेताओं के साथ फोटोसेशन के लिए मंच पर खड़े होने के दौरान पीएम मोदी ने देखा कि राष्‍ट्रीय ध्‍वज त‍िरंगे वाला मार्कर जमीन पर पड़ा हुआ है. वह तुरंत झुके और उसे उठाकर अपनी जेब में रख लिया. 

इस दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री सानाए तकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी वहां मौजूद थे और उन्होंने यह पूरा दृश्य देखा. कुछ ही सेकंड का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पीएम मोदी की पहल पर शुरू किया गया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शुरू किया गया था. इसका उद्देश्य लोगों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज लाने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है. यह अभियान इस सोच पर आधारित था कि पहले लोगों का राष्ट्रीय ध्वज से जुड़ाव अधिकतर औपचारिक और संस्थागत स्तर तक सीमित रहता था. 

इस पहल के जरिए तिरंगे को लोगों के व्यक्तिगत गर्व और देश से भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक बनाने की कोशिश की गई. इस अभियान का मकसद तिरंगे को सिर्फ एक राष्ट्रीय प्रतीक नहीं, बल्कि देश के प्रति हर नागरिक की जिम्मेदारी, एकता और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना था. इससे पहले ‘क्वाड लीडर्स समिट’ को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत के लिए क्वाड एक सकारात्मक और भरोसेमंद साझेदारी है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह बैठक क्वाड सहयोग के अगले चरण के लिए ठोस लक्ष्य तय करने में मदद करेगी.

पीएम मोदी ने की समुद्री सुरक्षा की बात

पीएम मोदी ने कहा, ‘मनीला और क्वाड का एक पुराना और खास रिश्ता रहा है. साल 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली बैठक यहीं हुई थी. इसके 10 साल बाद, 2017 में भी इसी शहर में हमने फिर से अपना संवाद शुरू किया. आज इस ऐतिहासिक शहर में एक बार फिर क्वाड बैठक का आयोजन एक महत्वपूर्ण पड़ाव है.’ उन्होंने कहा, ‘भारत के लिए क्वाड एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी है. समुद्री सुरक्षा, भरोसेमंद सप्लाई चेन, नई तकनीकों और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में हमने हमेशा यह कोशिश की है कि क्वाड भरोसेमंद समाधान उपलब्ध कराए.’

ट्रंप ने की पीएम की तारीफ

बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे. बैठक के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर पीएम मोदी की तारीफ की और उन्हें बहुत सख्त और मजबूत नेता बताया. ट्रंप ने कहा, ‘वैसे पीएम मोदी बहुत सख्त इंसान हैं और हो सकता है कि जापान की प्रधानमंत्री उनसे भी ज्यादा सख्त हों और हम दोनों (मैं और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज) भी ठीक-ठाक हैं.’ इस बैठक में अमेरिका, भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया के चारों नेता शामिल हुए. ट्रंप के मौजूदा कार्यकाल में यह क्वाड नेताओं की पहली बैठक थी. (इनपुट न्यूज एजेंसी आईएएनएस के साथ)



Source link