दिल्ली की राजनीति में शुक्रवार (24 अप्रैल 2026) को ऐसा राजनीतिक धमाका हुआ, जिसने पूरी देश की नजर अपनी ओर खींचा है. आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर AAP से इस्तीफा देने का ऐलान किया. राघव चड्ढा के साथ-साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल राज्यसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया.
बीजेपी में विलय हो रहे हम: राघव चड्ढा
AAP नेता राघव चड्ढा ने कहा, ‘हम बीजेपी में विलय कर रहे हैं. पिछले 12 सालों में बीजेपी की केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कई ऐसे फैसले लिए हैं जो कि आज से पहले कई नेता लेने से डरते थे. इस नेतृत्व पर जनता ने एक बार नहीं, बल्कि 3 बार मुहर लगाई है. हम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के लिए काम करेंगे.’
निजी फायदों के लिए काम कर रही AAP: राघव चड्ढा
उन्होंने कहा, ‘जिस AAP को मैंने 15 सालों तक अपने खून से सींचा वह अपने मार्ग से हट गई है. अब यह देशहित के लिए नहीं, बल्कि अपने निजी फायदों के लिए काम कर रही है. मैं AAP से दूर जा रहा हूं और जनता के पास आ रहा हूं. हम सभी ने मिलकर इस पार्टी को दिल्ली, पंजाब और देश के अन्य राज्यों तक पहुंचाने का प्रयास किया था.’
AAP नेता संदीप पाठक ने कहा, ‘मैंने अपने जीवन में नहीं सोचा था कि ये स्थिति आएगी पर ये आई. 10 साल से इस पार्टी से मैं जुड़ा रहा और आज मैं AAP से अपने रास्ते अलग कर रहा हूं. आज मैं आम आदमी पार्टी से अपने सभी रिश्ते समाप्त करने की घोषणा करता हूं. मैं एक किसान परिवार से आता हूं. कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई-लिखाई की और हमेशा एक ही उद्देश्य रहा, देश के लिए कुछ सार्थक करना.’
2/3 से ज्यादा सांसद हमारे साथ: राघव चड्ढा
संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में AAP सांसद राघव चड्ढा ने कहा, ‘हमने तय किया है कि हम राज्यसभा में AAP के 2/3 सदस्य, भारत के संविधान के नियमों का पालन करते हुए बीजेपी में शामिल हो रहे हैं. राज्यसभा में AAP के 10 सांसद हैं और 2/3 से ज्यादा सांसद इस मुहिम में हमारे साथ हैं. हरभजन सिंह, राजेन्द्र गुप्ता, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और अन्य नेता हमारे साथ हैं.’
ये भी पढ़ें : हरभजन, स्वाति मालिवाल और राजेन्द्र गुप्ता… AAP में हो गई बड़ी टूट, बीजेपी में जाएंगे दो तिहाई सांसद






