Jyeshtha Ganga Dussehra 2026: पश्चिमी उतर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर के महाभारतकालीन तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में ज्येष्ठ दशहरा गंगा स्नान मेले का शुभारंभ शनिवार शाम भव्य गंगा महाआरती के साथ हुआ. मान्यता है कि इसी पावन भूमि पर महर्षि शुकदेव ने राजा परीक्षित को श्रीमद्भागवत कथा सुनाई थी.
“हर-हर गंगे” और “जय मां गंगे” के जयघोष से पूरा गंगा घाट भक्तिमय हो उठा. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां गंगा की पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया. इस दौरान साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों में शामिल शुकतीर्थ के पावन स्नान घाट पर आयोजित गंगा महाआरती ने श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया. शुकतीर्थ को महाभारतकालीन धार्मिक नगरी माना जाता है और मान्यता है कि यहीं महर्षि शुकदेव ने राजा परीक्षित को श्रीमद्भागवत कथा सुनाई थी. गंगा तट पर स्थित यह स्थान पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रमुख तीर्थ स्थल माना जाता है, जहां हर वर्ष ज्येष्ठ दशहरा स्नान मेले में दूर-दराज़ से हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं.
मेले के शुभारंभ अवसर पर मां गंगा को दुग्ध, शहद, घी और जल अर्पित कर विशेष पूजा की गई. घाटों को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया. गंगा महाआरती मेले का मुख्य आकर्षण रही, जबकि मेले में धार्मिक अनुष्ठान, संतों के प्रवचन, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया. प्रशासन की ओर से सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए.
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर ओमानंद महाराज, महामंडलेश्वर गोपाल दास महाराज, अपर मुख्य अधिकारी योगेश कुमार, साध्वी पूजा और प्रेम शंकर मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे.
इस बारे में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने बताया कि आज शुकतीर्थ में ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले का शुभारंभ गंगा आरती के साथ किया गया. गंगा आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं जिला पंचायत के सदस्य मौजूद रहे. यह मेला 25 तारीख तक चलेगा.
मेले को लेकर जिला पंचायत द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य जरूरी इंतजाम पूरे शुकतीर्थ क्षेत्र में किए गए हैं. साथ ही 24 घंटे बिजली आपूर्ति की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है.
भीषण गर्मी को देखते हुए जिला पंचायत की ओर से पूरे शुकतीर्थ में जलपान की विशेष व्यवस्था कराई गई है. गंगा मेले एवं गंगा स्नान को ध्यान में रखते हुए गंगा जी में 1200 लीटर अतिरिक्त जल भी छोड़ा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
अभिषेक बेनीवाल, मुजफ्फरनगर
ये भी पढ़ें: Ganga Dussehra 2026: 25 मई को गंगा दशहरा, नोट करें पवित्र स्नान-दान और पूजा का शुभ मुहूर्त
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.






