आईपीएल 2026 का आगाज लगभग दो महीने पहले हुआ था. फाइनल मैच करीब आ चुका है, जो 31 मई को अहमदाबाद में खेला जाएगा. इस दो महीने के सफर में कई सारे रिकॉर्ड टूटे, बड़े-बड़े स्कोर बने, रिकॉर्ड टारगेट चेज भी हुआ. मगर हर बार की तरह आईपीएल 2026 भी कुछ विवादित पलों के कारण चर्चा में आया. यहां नजर डालिए अब तक आईपीएल 2026 के पांच सबसे बड़े विवादों पर.
1. रियान पराग का वेपिंग कांड
आईपीएल मैचों के दौरान किसी भी खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ को धूम्रपान की अनुमति नहीं होती है. 28 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स का मैच खेला गया, जिसके दौरान कैमरा RR के ड्रेसिंग रूम की तरफ घूमा. राजस्थान टीम के कप्तान रियान पराग को वेपिंग/ई-सिगरेट पीते देखा गया. इसके लिए पराग पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना और उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया था.
2. अंगकृष रघुवंशी का रन आउट
टूर्नामेंट के 38वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स आमने-सामने आए. केकेआर की पारी के दौरान अंगकृष रघुवंशी ने शॉट लगाया और रन के लिए दौड़ पड़े. लेकिन नॉन-स्ट्राइकिंग एंड पर मौजूद बल्लेबाज ने उन्हें वापस भेज दिया. मोहम्मद शमी ने थ्रो किया, तो गेंद रघुवंशी के पैर से जा लगी. इस पर LSG टीम ने अपील कर दी. थर्ड अंपायर ने रघुवंशी को आउट करार दिया, इस फैसले पर खूब विवाद हुआ. रघुवंशी भी काफी देर तक मैदान पर अंपायर से बात करते रहे. फैसले का कारण बताया गया कि रघुवंशी ने वापस भागते समय दिशा बदल दी थी.
3. जेसन होल्डर का कैच
जेसन होल्डर ने रजत पाटीदार का कैच लपका था. पाटीदार को आउट करार दिया गया, लेकिन यह फैसला RCB के फैंस को पसंद नहीं आया. दावा किया गया कि कैच लेते समय होल्डर का अपने शरीर पर पूरा नियंत्रण नहीं था और कैच पूरा करते समय गेंद का कुछ हिस्सा घास को छू रहा था.
यह भी पढ़ें: IPL में कोई खिलाड़ी कैसे बन सकता है नेट गेंदबाज? कितनी मिलती है नेट बॉलर्स को फीस? जानें सबकुछ
4. टिम डेविड ने दिखाई मिडिल फिंगर
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और मुंबई इंडियंस के मैच में टिम डेविड ने मुंबई इंडियंस के डग आउट की तरफ मिडिल फिंगर का इशारा किया था. सोशल मीडिया पर इस वीडियो ने तहलका मचा दिया था. BCCI ने इस इशारे को अश्लील और अपमानजनक मानते हुए टिम डेविड पर मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया और 2 डिमेरिट पॉइंट्स भी दिए.
5. RR का मैनेजर डगआउट में लाया मोबाइल फोन
किसी भी खिलाड़ी या स्टाफ के सदस्य को डगआउट में मोबाइल फोन लाने की अनुमति नहीं है. मगर जब राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर को मोबाइल फोन यूज करते देखा गया तो इसपर खूब बवाल मचा. वह तस्वीर खूब वायरल हुई जब वैभव सूर्यवंशी, रोमी भिंडर के फोन में झांक रहे थे. टीम मैनेजर को ड्रेसिंग रूम में फोन रखने की अनुमति होती है लेकिन डगआउट में नहीं.
यह भी पढ़ें:






