- श्री यंत्र मां महात्रिपुरसुंदरी और कुबेर यंत्र धन के देवता कुबेर से जुड़े हैं।
- श्री यंत्र ब्रह्मांडीय ऊर्जा का प्रतीक है, कुबेर यंत्र धन संचय पर केंद्रित है।
- श्री यंत्र समग्र उन्नति और मोक्ष प्रदान करता है, कुबेर यंत्र भौतिक समृद्धि देता है।
Yantra Shakti: सनातन धर्म, तंत्र शास्त्र और वास्तु विज्ञान में यंत्रों का ख़ास महत्व बताया गया है. माना जाता है कि सही विधि से स्थापित और पूजित यंत्र व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, सुख-समृद्धि और मानसिक शांति लेकर आते हैं. इन्हीं में सबसे ज्यादा प्रसिद्ध हैं श्री यंत्र और कुबेर यंत्र. बाजार में धन प्राप्ति के लिए श्रीयंत्र और कुबेर यंत्र दोनों ही मिलते हैं, जिससे कई बार व्यक्ति के मन में यह भ्रम पैदा हो जाता है कि क्या ये दोनों यंत्र एक ही हैं?
श्री यंत्र को मां महात्रिपुरसुंदरी और देवी लक्ष्मी का दिव्य स्वरूप माना जाता है, जबकि कुबेर यंत्र धन के देवता कुबेर से जुड़ा हुआ माना जाता है. दोनों ही यंत्र धन और समृद्धि से संबंधित हैं, लेकिन इनके कार्य करने का तरीका और आध्यात्मिक( Spiritual) प्रभाव अलग होता है.
श्रीयंत्र: ब्रह्मांडीय शक्ति का विग्रह
श्रीयंत्र को यंत्रराज कहा जाता है. यह मात्र लक्ष्मी प्राप्ति का साधन नहीं है, बल्कि भारतीय आध्यात्मिक विद्या में इसे ब्रह्मविद्या का स्वरूप माना गया है. श्रीयंत्र और श्रीविद्या के साथ ‘श्री’ शब्द जुड़ा होने के कारण लोग इसे केवल लक्ष्मी (धन) से जोड़ देते हैं, लेकिन शास्त्रों के अनुसार केवल धन प्राप्ति के लिए इसकी साधना करना ‘चक्रवर्ती सम्राट से धान का छिलका माँगने’ के समान है .
स्वरूप और संरचना: श्रीयंत्र शिव और शक्ति का संयुक्त विग्रह है . इसकी संरचना में बिंदु, त्रिकोण, अष्टकोण, अंतर्दशार, बहिर्दशार, चतुर्दशार, अष्टदल, षोडशदल, वृत्तत्रय और भूपुर जैसे नौ चक्रों का समावेश होता है .
शक्ति का केंद्र: इसकी अधिष्ठात्री देवी भगवती ललिता महात्रिपुरसुन्दरी हैं . श्रीयंत्र को पूरे ब्रह्मांड का एक छोटा रूप माना जाता है, जो सृष्टि की पूरी ऊर्जा को अपने भीतर समेटे हुए है. इस यंत्र में 98 अलग-अलग दिव्य शक्तियाँ निवास करती हैं.
प्रभाव: श्रीयंत्र की साधना से साधक को न केवल धन और आरोग्य मिलता है, बल्कि उसे भोग और मोक्ष दोनों की प्राप्ति होती है. यह साधक के मन, बुद्धि और इंद्रियों पर नियंत्रण दिलाकर उसे ‘शिवत्व’ की ओर ले जाता है.
कुबेर यंत्र: धन के संरक्षक की शक्ति
कुबेर यंत्र मुख्य रूप से यक्षराज कुबेर को समर्पित होता है, जिन्हें देवताओं का कोषाध्यक्ष माना जाता है. जबकि श्रीयंत्र ‘पराशक्ति’ का प्रतीक है, कुबेर यंत्र एक विशेष इच्छा या धन संचय और कोष की रक्षा पर केंद्रित होता है.
लक्ष्य में अंतर: श्रीयंत्र का लक्ष्य अखंड ज्ञान और जीवनमुक्ति है. वहीं, कुबेर यंत्र का प्रभाव क्षेत्र मुख्य रूप से भौतिक समृद्धि और अटके हुए धन की प्राप्ति तक सीमित रहता है.
दार्शनिक आधार: श्रीयंत्र आपको अध्यात्म और खुद की शक्ति से जोड़ता है, जबकि कुबेर यंत्र आपको सांसारिक सुख और धन-दौलत दिलाने पर ध्यान देता है.
शास्त्रों के अनुसार, श्रीयंत्र की उपस्थिति मात्र से दरिद्रता दूर होती है और व्याधियों का नाश होता है. अगर आप केवल तिजोरी भरने या व्यापारिक लाभ तक सीमित है, तो कुबेर यंत्र का उपयोग किया जाता है. लेकिन अगर आप सर्वांगीण उन्नति, मानसिक शांति, समस्त बाधाओं का नाश और अंततः मोक्ष चाहते हैं, तो श्रीयंत्र सर्वोपरि है.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.






