- स्कैमर डिलीवरी बॉक्स के लेबल से व्यक्तिगत जानकारी चुराते हैं.
- वे फर्जी ऑफर देकर आपसे ठगी करने का प्रयास करते हैं.
- सेल के दौरान ऐसे घोटालों का खतरा बढ़ जाता है.
- बॉक्स फेंकने से पहले लेबल हटा दें या मिटा दें.
Delivery Box Scam: अमेजन और फ्लिपकार्ट पर अगले एक-दो दिन में सेल शुरू होने वाली है. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी पसंद का सामान ऑर्डर करेंगे. जब ये पार्सल डिलीवर होंगे तो घर में बॉक्स का ढे़र लग जाता है. कई लोग इन्हें लापरवाही में ऐसे ही कूड़े में फेंक देते हैं. अगर आप भी ऐसा करते हैं तो बता दें कि यह बहुत बड़ी गलती है. इससे आपकी जरूरी जानकारी स्कैमर के हाथ लग सकती है, जिसका इस्तेमाल आपके साथ Delivery Box Scam के लिए हो सकता है. आइए जानते हैं कि यह ठगी कैसे होती है और इससे बचने के लिए क्या करना चाहिए.
क्या है Delivery Box Scam?
जब लोग अपने नाम, एड्रेस और फोन नंबर की जानकारी वाले लेबल के साथ बॉक्स या लिफाफों के बाहर फेंक देते हैं तो स्कैमर इन्हें इकट्ठा कर लोगों को चूना लगाते हैं. वो डिलीवरी बॉक्स पर दी गई जानकारी के आधार पर फर्जी कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव बनकर आपसे संपर्क करेंगे. आपकी डिटेल्स बताकर पहले वो भरोसा जीतने की कोशिश करते हैं और फिर कैशबैक ऑफर, रिफंड क्लेस, बोनस रिवॉर्ड और डिस्काउंट स्कीम आदि का लालच देते हैं. अगर कोई उनकी बातों में आ जाता है तो वो इसे क्लेम करने के लिए लिंक भेजते हैं, जिसके जरिए लोगों को फर्जी वेबसाइट पर रिडायरेक्ट किया जाता है. यहां से उनकी पर्सनल, फाइनेंशियल और बैंकिंग डिटेल्स आदि चुराने की कोशिश होती है.
सेल के दौरान बढ़ जाता है खतरा
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की सेल के दौरान ऐसे स्कैम का खतरा बढ़ जाता है. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि लोगों के पास ज्यादा सामान डिलीवर होता है और स्कैमर को ज्यादा बॉक्स और जानकारी हाथ लग जाती है. इसके अलावा चूंकि लोगों ने सामान ऑर्डर किया होता है तो वो ऐसी कॉल्स पर भरोसा भी कर लेते हैं. इसलिए सेल के दौरान ऐसे स्कैम से बचना जरूरी है.
स्कैम से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
- डिलीवरी बॉक्स और पैकेज को बाहर फेंकने से पहले उस पर लगे शिपिंग लेबल को हटा दें. अगर यह हट नहीं रहा है तो इसे मार्कर की मदद पूरा ब्लैक कर दें ताकि आपकी जानकारी किसी और के हाथ न लगे.
- अनजान व्यक्ति की तरफ से आई कॉल, मैसेज और ईमेल पर भरोसा न करें और ऑफर या डिस्काउंट के लालच में पड़ने से बचें.
- किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी पर्सनल डिटेल्स और OTP आदि शेयर करने से बचें.
ये भी पढ़ें-
Apple iPhone 18 Pro: सिर्फ कैमरा और बैटरी ही नहीं, हर मामले में अपग्रेड होकर लॉन्च होंगे नए मॉडल






