How To Make Moong Dal Halwa: सर्दियों और त्योहारों के मौसम में मूंग दाल का हलवा खाने का अपना ही मजा है. शादियों और खास मौकों पर भी यह मिठाई खूब पसंद की जाती है. घी, चीनी, मूंग दाल और मेवों से तैयार होने वाला यह हलवा स्वाद में जितना शानदार होता है, घर पर बनाना भी उतना मुश्किल नहीं है. अगर आपको भी बाजार से मूंग दाल का हलवा खरीदना पसंद है, तो इस बार इसे घर पर बनाकर देख सकते हैं. थोड़ी मेहनत और धैर्य के साथ घर पर ही बाजार जैसा स्वादिष्ट हलवा तैयार किया जा सकता है.
मूंग दाल का हलवा बनाने के लिए क्या चाहिए?
इस हलवे के लिए पीली धुली मूंग दाल, घी, चीनी और दूध की जरूरत होती है. स्वाद और बनावट को बेहतर बनाने के लिए इसमें खोया या मावा भी डाला जाता है. इसके अलावा बेसन और सूजी का इस्तेमाल किया जा सकता है. हलवे की खुशबू और स्वाद बढ़ाने के लिए केसर और इलायची पाउडर डालें. बादाम, पिस्ता और काजू जैसे मेवे इसे और स्वादिष्ट बनाने के साथ-साथ देखने में भी आकर्षक बनाते हैं.
सबसे पहले दाल को भिगोएं
मूंग दाल को अच्छी तरह साफ करके धो लें और कम से कम 4 से 5 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रखें. चाहें तो इसे रातभर भी भिगो सकते हैं. इसके बाद दाल का पूरा पानी निकाल दें. अब दाल को मिक्सर में बहुत कम पानी डालकर दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि दाल का पेस्ट ज्यादा पतला न हो. पेस्ट में जितना ज्यादा पानी होगा, उसे पकाने में उतना ही ज्यादा समय लगेगा.
कड़ाही में डालें घी और भूनें दाल
अब एक भारी तले वाली चौड़ी कड़ाही लें. इसमें आधा घी डालकर गर्म करें. सबसे पहले इसमें सूजी और बेसन डालकर भूनें. इसके बाद तैयार मूंग दाल का पेस्ट डालें और धीमी से मध्यम आंच पर अच्छी तरह भूनना शुरू करें. यह हलवा बनाते समय सबसे जरूरी हिस्सा है, क्योंकि दाल को अच्छी तरह भूनने में समय लगता है. दाल को लगातार चलाते रहें ताकि वह कड़ाही में चिपके या जले नहीं. इसे कम से कम 15 से 20 मिनट तक धीमी-मध्यम आंच पर भूनने की सलाह दी गई है. अच्छी तरह भुनने के बाद इसका रंग हल्का भूरा होने लगेगा और खुशबू भी आने लगेगी.
अब दूध और बचा हुआ घी डालें
जब दाल अच्छी तरह भुन जाए तो इसमें दूध डालें और लगातार चलाते हुए पकाएं. दूध पूरी तरह सूखने तक मिश्रण को पकाते रहें. इसके बाद बचा हुआ घी डालकर करीब 5 मिनट और पकाएं. इस दौरान मिश्रण को लगातार चलाते रहना जरूरी है, ताकि हलवा नीचे से चिपके नहीं.

खोया डालने से आएगा खास स्वाद
अब इसमें मावा या खोया डालें और अच्छी तरह मिलाएं. इसी समय आप इसमें मेवे भी डाल सकते हैं. खोया हलवे को गाढ़ी और भरपूर बनावट देता है और इसका स्वाद भी बढ़ाता है. अगर खोया उपलब्ध न हो तो सूखे दूध के पाउडर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है.
चीनी की चाशनी ऐसे तैयार करें
हलवे के लिए चीनी और पानी को एक पैन में डालकर गर्म करें. इसे तब तक पकाएं जब तक चीनी पानी में अच्छी तरह घुल न जाए. इस चाशनी को तार वाली चाशनी बनाने की जरूरत नहीं है. बस चीनी पानी में अच्छी तरह घुल जाए तो इसे अलग रख दें. ध्यान रखें कि चीनी दाल के पूरी तरह पकने और नरम होने के बाद ही डालें. अगर चीनी बहुत जल्दी डाल दी जाए तो दाल को अच्छी तरह पकने में परेशानी हो सकती है.
आखिर में डालें चाशनी, केसर और इलायची
अब भुनी हुई दाल और खोया वाले मिश्रण में तैयार चीनी की चाशनी डालें. इसे अच्छी तरह मिलाकर पकाएं. हलवे को तब तक पकाते रहें जब तक घी कड़ाही के किनारों से अलग होने न लगे. इसके बाद इसमें केसर वाला दूध और इलायची पाउडर डालें. अच्छी तरह मिलाने के बाद ऊपर से कटे हुए बादाम, पिस्ता और काजू डाल दें. मेवे हलवे को स्वाद के साथ-साथ शानदार रूप भी देते हैं.
इसे भी पढ़ें: सिर्फ एक कटोरी बेसन और बगैर सेव बन जाएगी सेव टमाटर की सब्जी, यहां जानें
गर्मागर्म परोसें मूंग दाल का हलवा
सभी चीजें अच्छी तरह मिल जाने के बाद गैस बंद कर दें. मूंग दाल का हलवा तैयार है. इसे गर्मागर्म परोसें और ऊपर से अपनी पसंद के मेवे डालें. यह हलवा त्योहार, शादी, पार्टी या किसी खास मौके पर बनाया जा सकता है. सर्दियों में गर्म हलवे का स्वाद और भी अच्छा लगता है.
इसे भी पढ़ें: घर पर झटपट कैसे बना सकते हैं मिर्च का अचार? देख लें तरीका






