- विधायकों ने आलाकमान को सीएम चयन का अधिकार सौंपा।
केरलम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को 10 सालों के बाद जबरदस्त जीत मिली है, लेकिन स्पष्ट नतीजों के बावजूद अभी तक कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर घमासान जारी है. कांग्रेस पार्टी के भीतर केसी वेणुगोपाल, वीडी सतीशन और रमेश चेन्निथला केरलम के मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं. हालांकि, केरलम के अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है.
केरलम के अगले मुख्यमंत्री के चयन को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार (9 मई, 2026) को पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख नेताओं के साथ दिल्ली आवास पर विस्तार से चर्चा की.
केरल के सीएम को लेकर क्या बोले राहुल गांधी?
सूत्रों के हवाले से खबर है कि केरल के अगले सीएम के चयन को लेकर हो रही इस बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘लोकतांत्रिक मूल्यों का सबको सम्मान करना होगा. केरल के विकास के लिए सभी नेताओं को साथ चलना होगा.’ उन्होंने कहा, ‘विधायकों ने जिस नेता पर अपनी मुहर लगाई है, उसे फैसले का सम्मान करना चाहिए. केरल के विकास के लिए जो भी कड़े फैसले लेने होंगे, वो लिए जाएंगे.’
यह भी पढ़ेंः मुख्यमंत्री बनेंगे विजय, तमिलनाडु में कल होगा शपथ ग्रहण, राज्यपाल से मिली अनुमति
कांग्रेस नेतृत्व ने तीन घंटे से ज्यादा समय तक नेताओं से की चर्चा
कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने केरलम सरकार के अगले मुख्यमंत्री के चयन को लेकर तीन घंटे से ज्यादा समय तक राज्य इकाई के सभी नेताओं से एक साथ विचार-विमर्श किया. इसके अलावा, उन सभी से अलग-अलग भी बात की. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के साथ इस बैठक में सीएम पद के तीनों दावेदार संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, रमेश चेन्निथला और वीडी सतीशन भी मौजूद रहे. इसके अलावा, केरल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ, प्रदेश प्रभारी दीपा दासमुंशी के साथ-साथ कांग्रेस के दोनों पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक भी चर्चा में शामिल हुए.
कांग्रेस पार्टी की बैठक का क्या निकला निष्कर्ष?
कांग्रेस नेतृत्व की बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी दीपा दासमुंशी ने कहा कि सभी विधायकों ने केरल के अगले सीएम के चयन के आखिरी फैसले के लिए आलाकमान को अधिकृत किया है. हम सभी ने लंबी चर्चा के दौरान नेतृत्व के सामने अपनी-अपनी बात रखी. बहुत जल्द ही आलाकमान इस पर अपना अंतिम फैसला लेगा. उन्होंने कहा कि केरलम में सरकार गठन के लिए 23 मई अंतिम दिन है, इसलिए पार्टी नेतृत्व उचित समयसीमा में मुख्यमंत्री के चयन का फैसला करेगा.
यह भी पढ़ेंः तमिलनाडु में टूटा ‘INDIA’ गठबंधन? TVK को कांग्रेस के समर्थन से भड़के स्टालिन, कहा- ‘रिश्ता तोड़ लिया…’






