क्या चीन अरुणाचल प्रदेश में 60 KM अंदर घुसा? अब आया भारत सरकार का जवाब

क्या चीन अरुणाचल प्रदेश में 60 KM अंदर घुसा? अब आया भारत सरकार का जवाब


अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर चीनी घुसपैठ के दावों को बुधवार (19 अगस्त) को केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने खारिज कर दिया. उन्होंने कहा, ”जो लोग कहते हैं कि चीन 60 किमी अंदर आ गया है, हमें बदनाम करने के लिए तरह-तरह के वीडियो शेयर करते हैं, वे गलत हैं.”

रिजिजू ने साथ ही न्यूज एजेंसी IANS से कहा कि सीमा पर समस्या है. अरुणाचल प्रदेश के गांवों के कुछ लोगों ने सीमा की समस्या के बारे में चिंता जाहिर की है. यह चिंता जायज है. सीमा का निर्धारण नहीं किया गया है.

कुछ जमीनों पर उनकी नजर है, क्योंकि सीमांकन नहीं हुआ: रिजिजू

रिजिजू ने कहा, ‘इस स्थिति का मतलब यह नहीं निकाला जाना चाहिए कि चीन ने किसी भारतीय गांव पर कब्जा कर लिया है. उन्होंने बताया कि सीमांकन न होने के कारण चीन कुछ इलाकों पर अपना दावा करता है. तो, ऐसा नहीं है कि वे (चीन) आए और हमारे गांव पर कब्जा कर लिया. ऐसा नहीं है. कुछ जमीनों पर उनकी नजर है क्योंकि वहां सीमांकन नहीं हुआ है.’

केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री रिजिजू ने कहा, ‘हमारी जमीन आगे तक है. चीन की तरफ बसे गांवों के लोग, जिनमें तिब्बती और स्थानीय लोग शामिल हैं, दावा करते हैं कि उनकी जमीन यहां काफी अंदर तक है. इसलिए भ्रम की स्थिति है. ऐसे झूठ बोलना कि वे 60 किमी अंदर आ गए हैं. बांग्लादेश या अन्य जगहों की ऐसी तस्वीरें पोस्ट करना, जिनका इससे कोई लेना देना नहीं है, सिर्फ यह दावा करने के लिए चीनी सेना अरुणाचल में 60 किमी अंदर घुस गई है. ऐसी गलत जानकारी फैलाने से वहां तैनात हमारे सेना के जवानों और सुरक्षा बलों का मनोबल गिरता है. देश में भ्रम पैदा होता है. यह सही नहीं है.’ 

भारत ने सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है: रिजिजू

उन्होंने कहा, ‘भारत ने सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है. सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है. रिजिजू का यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब भारत सरकार ने अरुणाचल प्रदेश में 27 जगहों और भौगोलिक विशेषताओं को सर्वे ऑफ इंडिया के आधिकारिक नक्शों पर मानक नामों से पहचाने का फैसला किया है.’ 

यह कदम अरुणाचल प्रदेश की जगहों के लिए चीन की तरफ से बार-बार अपने नाम रखने की कोशिशों के बाद उठाया गया है. भारत ने बार-बार इस पर जोर दिया है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है. विदेश मंत्रालय ने इस बात पर जोर दिया है कि व्यापक भारत-चीन रिश्तों के लिए लाइन ऑफ कंट्रोल पर शांति और स्थिरता बनाए रखना जरूरी है.

सीमा पर हालात का असर दोनों देशों के बीच व्यापक द्विपक्षीय संबंधों पर पड़ेगा: भारत सरकार

भारत ने कहा है कि सीमा पर हालात का असर दोनों देशों के बीच व्यापक द्विपक्षीय संबंधों पर पड़ेगा. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 11 अगस्त को एक मीडिया ब्रीफिंग में कहा है कि कई बार दोरहाना चाहता हूं कि अरुणाचल प्रदेश भारत का एक अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है. यह एक ऐसा तथ्य है, जो स्वत: स्पष्ट है. मैं इस बात पर जोर देना चाहता हूं कि कोई भी चीज इस निर्विवाद वास्तविकता को बदल नहीं सकती. 





Source link