ठेकुआ बिहार और झारखंड की मशहूर पारंपरिक मिठाई है. इसे आमतौर पर गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार किया जाता है. इसका स्वाद जितना अच्छा होता है, इसमें मौजूद कैलोरी भी उतनी ही ध्यान देने वाली है. खासकर तब, जब आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हों या अपनी डाइट का ध्यान रखते हों. एक सामान्य ठेकुआ, जिसका वजन करीब 35 से 40 ग्राम होता है, उसमें लगभग 160 से 220 कैलोरी होती हैं. इसे बनाने के तरीके से भी कैलोरी में अंतर आता है.
तेल में तले और एयर फ्रायर वाले ठेकुए में कितना अंतर?
अगर आप ठेकुआ घी या तेल में डीप फ्राई करते हैं, तो एक पीस में लगभग 160 से 220 कैलोरी होती है. ऐसा इसलिए क्योंकि तलने के दौरान ठेकुआ कुछ मात्रा में तेल या घी सोख लेता है. वहीं, एयर फ्रायर में कम तेल लगाकर बनाए गए एक ठेकुए में करीब 120 से 170 कैलोरी होती है. यह मात्रा रेसिपी और ठेकुए के आकार पर निर्भर करती है. यानी एयर फ्रायर में बनाने से कैलोरी कम की जा सकती है, लेकिन यह पूरी तरह बिना कैलोरी वाला नहीं बनता. आटे, गुड़ और घी से मिलने वाली कैलोरी इसमें फिर भी रहती है.
यह भी पढ़ें : Easy Breakfast Recipe: घर पर बनाएं मसालेदार दलिया, इस रेसिपी के दीवाने हैं लोग
एयर फ्रायर में ऐसे बनाएं स्वादिष्ट ठेकुआ
इसके लिए एक कप गेहूं का आटा, आधा कप गुड़, 2 से 3 चम्मच घी, थोड़े से सौंफ और जरूरत के अनुसार पानी लें. सबसे पहले गुड़ को थोड़े गुनगुने पानी में घोल लें. अब एक बर्तन में आटा, सौंफ और घी डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसमें धीरे-धीरे गुड़ वाला पानी डालें और सख्त आटा गूंथ लें. आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें ठेकुए का आकार दें. चाहें तो किसी सांचे या कांटे की मदद से डिजाइन भी बना सकते हैं. अब एयर फ्रायर को 160 से 170 डिग्री सेल्सियस पर पहले से गर्म करें. ठेकुए पर हल्का सा घी या तेल लगाकर उन्हें एयर फ्रायर की बास्केट में रखें. करीब 10 से 15 मिनट तक पकाएं. बीच में एक बार पलट दें, ताकि दोनों तरफ से अच्छी तरह सिक जाएं. समय ठेकुए की मोटाई और एयर फ्रायर के हिसाब से बदलता है.
वजन कम कर रहे हैं तो कितने ठेकुए खाएं?
अगर आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं तो ठेकुआ पूरी तरह छोड़ने की जरूरत नहीं है. बस इसकी मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है. कभी-कभी एक छोटा ठेकुआ खाने से आपकी डाइट खराब नहीं होती. इसे रोज ज्यादा मात्रा में खाने से बचें, क्योंकि गुड़ और घी दोनों से कैलोरी बढ़ती हैं. एयर फ्रायर वाला विकल्प चुनने से ज्यादा तेल की मात्रा कम हो जाती है. साथ ही, गुड़ ज्यादा डालने और घी का इस्तेमाल बढ़ाने से भी बचें. ध्यान रखें कि गुड़ भी मिठास और कैलोरी देता है, इसलिए इसे चीनी से पूरी तरह अलग या बिना कैलोरी वाला ऑप्शन न समझें.
यह भी पढ़ें : Thekua Recipe: छठ पूजा में क्यों बनाया जाता है ठेकुआ? जानिए पारंपरिक रेसिपी और महत्व






