‘लापरवाही बर्दाश्त नहीं’, इजरायल में नई सरकार के गठन की हलचल के बीच गादी का बड़ा मैसेज

‘लापरवाही बर्दाश्त नहीं’, इजरायल में नई सरकार के गठन की हलचल के बीच गादी का बड़ा मैसेज


इजरायल में नई सरकार के गठन को लेकर हो रही हलचल के बीच याशर पार्टी के प्रमुख गादी आइजनकोट ने देशवासियों के नाम संदेश जारी किया है. उन्होंने कहा कि इजरायल में अब गंभीर और परिपक्व राजनीति की वापसी हो रही है. उन्होंने निवर्तमान प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यकाल की आलोचना करते हुए सरकार के गठन, राष्ट्रीय सुरक्षा और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने को लेकर अपना रुख सपष्ट किया. इस दौरान उन्होंने सरकारी महकमे को चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने 5 प्वाइंट्स में अपनी बातें रखी.

राष्ट्रीय सुरक्षा और निगरानी: आइजनकोट ने बताया कि उन्होंने निवर्तमान प्रधानमंत्री नेतन्याहू और उनके मिलिट्री सेक्रेटरी से मुलाकात की है. उन्होंने कहा कि नई सरकार के गठन के इस संवेदनशील दौर में सुरक्षा और आंतरिक स्थितियों पर कड़ी निगरानी जरूरी है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि उनके लिए इजरायल की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसका इस्तेमाल कभी भी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं किया जाना चाहिए.

आपातकालीन सरकार बनाने की कोशिश: राष्ट्रपति से सरकार बनाने का जनादेश मिलने के बाद की स्थिति पर उन्होंने कहा, ‘मैं उन सभी संसदीय दलों और सांसदों से बातचीत कर रहा हूं, जो उनके चार सिद्धांतों से सहमत हैं. यह केवल बयानबाजी नहीं है, बल्कि हम एक स्थिर और जनहितैषी सरकार बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं. संभावित सहयोगियों के साथ बातचीत में सकारात्मक प्रगति हो रही है और इसमें केवल इजरायल के हितों को ही केंद्र में रखा गया है.’

संसद की शक्तियों का सही इस्तेमाल: गादी आइजनकोट ने कहा कि 26वीं नेसेट (इजरायली संसद) के शुरुआती तीन दिनों में ही हाउस कमेटी, विदेश, रक्षा और वित्त कमेटी का गठन कर दिया गया है. इसके अलावा एक राजकीय जांच आयोग बनाने और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने वाले कानूनों को रद्द करने की विधायी प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. उन्होंने नेतन्याहू सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि अब मनमानी करने के दिन लद गए हैं. अब संसद में शहीद परिवारों का अपमान नहीं होगा और न ही सत्ता का दुरुपयोग किया जाएगा.

पेरेत्ज परिवार को लेकर गादी का बयान: उन्होंने कहा, ‘मैं पेरेत्ज परिवार को पिछले करीब 30 सालों से व्यक्तिगत और बहुत गहराई से जानता हूं. दुख की बात है कि उनसे मेरी दो बार मुलाकात बेहद दर्दनाक और कठिन परिस्थितियों में हुई, लेकिन मुझे एक ऐसे परिवार का जीवन भर का साथ मिला जो देश और लोगों के प्रति प्यार की सबसे बड़ी मिसाल है. मैं एलिसाफ को तब से जानता हूं जब वह 12 साल का था. मुझे खुशी है कि उसने ‘यशर’ पार्टी से जुड़ने और जनता के कामों व संसद की गरिमा को फिर से कायम करने का फैसला किया. मैं मरियम पेरेत्ज को गले लगाता हूं और मुझे एलिसाफ पर पूरा भरोसा है. मैं जानता हूं कि उसे भी मुझ पर और मेरे फैसलों पर पूरा यकीन है, और आगे भी रहेगा. मुझे इस बात की कोई चिंता नहीं है.’

उन्होंने ‘यशार’ के सांसदों और शहीद परिवारों के खिलाफ सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे जहरीले और अपमानजनक अभियान की कड़ी निंदा की. उन्होंने चेतावनी दी कि आलोचना का स्वागत है, लेकिन धमकियों और उकसावे की कोई जगह नहीं है और ऐसे दुष्प्रचार से उनके कदम नहीं रुकेंगे.

मिरियम पेरेत्ज इजरायल की एक जानी-मानी शिक्षिका और समाजसेवी हैं, जिन्हें 2018 में देश के सर्वोच्च सम्मान ‘इजरायल पुरस्कार’ से नवाजा गया था. वह 2021 में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार भी रह चुकी हैं. उनके दो बेटे-उरिएल (1998 में लेबनान में) और एलिराज (2010 में गाजा में) इजरायली सेना में रहते हुए शहीद हो गए थे. उन्हीं के जीवित बेटों में से एक एलिसाफ पेरेत्ज हैं, जो एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं. हाल ही में गादी आइजनकोट की पार्टी ‘यशर’ में शामिल होकर इजरायली संसद के सदस्य बने हैं.

इजरायल में बसने वाले अरब समुदाय के लोग: देश की कुल आबादी में 21 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाले अरब नागरिकों के मुद्दे पर आइजनकोट ने निवर्तमान प्रधानमंत्री नेतन्याहू और उनके करीबियों को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि चुनाव अभियान की शुरुआत से ही राजनीतिक फायदे के लिए अरब नागरिकों के खिलाफ नस्लवादी और हिंसक माहौल बनाया गया. उन्होंने कहा कि इजरायल का प्रधानमंत्री सभी नागरिकों का होता है. अरब समुदाय को हाशिए पर धकेलना और पूरे वर्ग को बदनाम करना देश विरोधी कृत्य है, जिसे वे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे.



Source link